![]()
.
10 जनवरी से 24 जनवरी तक बाबू पंढरी राव कृदत्त इंडोर स्टेडियम आमातालाब धमतरी में अग्निवीर थलसेना भर्ती रैली का आयोजन होगा। इसके लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी है। भर्ती प्रक्रिया को सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने अपने कक्ष में आर्मी अधिकारियों एवं विभिन्न विभागीय अधिकारियों की बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि यह रैली न केवल धमतरी बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए सुनहरा अवसर है। ऐसे में प्रशासन का दायित्व है कि सभी व्यवस्थाएं उच्च गुणवत्ता के साथ समय पर पूर्ण हों। उन्होंने अधिकारियों को सौंपे गए दायित्वों को गंभीरता से लेते हुए तैयारियां तत्काल गति देने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने निर्धारित माप एवं मानक अनुसार दौड़ ट्रैक का निर्माण समय-सीमा में पूरा करने, मैदान के समतलीकरण, सुरक्षा बैरिकेडिंग तथा आवश्यक तकनीकी उपकरणों की उपलब्ध करने को कहा। धमतरी में राज्यभर से बड़ी संख्या में प्रतिभागी आएंगे।
ऐसे में परिवहन व्यवस्था, प्रतिभागियों के आवास-विश्राम की सुविधा, पेयजल, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और शेड जैसी सभी मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता के साथ तैयार किया जाए। आर्मी अधिकारियों ने भी भर्ती रैली के सफल संचालन के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं की रूपरेखा प्रस्तुत की। बैठक में कर्नल अरूण कालिया सहित आयुक्त नगर निगम, कार्यपालन अभियंता लोक निर्माण विभाग, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जिला खेल अधिकारी और संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
मैदान में स्वास्थ्य विभाग की टीम, एंबुलेंस मौजूद रहेगा: कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग को स्थल पर चिकित्सा टीम, एंबुलेंस एवं प्राथमिक उपचार सामग्री की उपलब्ध रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना में भर्ती होना युवाओं के लिए गौरव का विषय है। जिला प्रशासन का प्रयास है कि हर अभ्यर्थी को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और पारदर्शी माहौल मिले। सभी अधिकारी अपने दायित्व को पूर्ण निष्ठा और गुणवत्ता के साथ संपादित करें। धमतरी के इंडोर स्टेडियम में भारतीय सेना अग्निवीर भर्ती रैली का आयोजन 2026 में 10 से 22 जनवरी तक होगा। प्रदेशभर से 28 हजार से अधिक युवाओं ने अग्निवीर भर्ती रैली में शामिल होने पंजीयन कराया था, जिसमें से 9 हजार युवाओं ने लिखित परीक्षा पास की है।
अब इनका भर्ती रैली के दौरान फिजिकल व मेडिकल टेस्ट होगा। योग्य युवा का ही चयन होगा, जो 4 साल तक अग्निवीर बनकर नौकरी करेगा। बताया कि 1600 मीटर दौड़ को 5 मिनट 30 सेकेंड में पूरी करने पर 60 अंक दिए जाएंगे, जबकि 5 मिनट 45 सेकेंड में 48 अंक और इससे ज्यादा होने पर अंक कम होंगे। 6.20 मिनट से ऊपर होने पर फेलियर माना जाएगा। भर्ती स्थल की व्यवस्था देखने इंडियन आर्मी के डीडीजी, जेडआरओ जबलपुर से ब्रिगेडियर संजय शर्मा, डीआईआर, एआरओ रायपुर से कर्नल अरूण कालिया 9 दिसंबर को धमतरी पहुंचे थे। उन्होंने इंडोर स्टेडियम हॉल की पूरी व्यवस्था देखी।
<
