![]()
अंतागढ़ पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। 20 जून 2026 को मुखबिर की सूचना पर ग्राम कढ़ाई खोदरा में एक सफेद रंग की आर्टिगा कार (CG 07CZ 3590) को रोका गया। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें मध्य प्रदेश निर्मित 40 पेटी अवैध शराब बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी महेश सेन (28 वर्ष), निवासी सुपेला भिलाई, दुर्ग को गिरफ्तार किया है। उसके पास से कुल 1970 गोवा व्हिस्की की बोतलें जब्त की गईं। जब्त शराब की कीमत करीब 2,65,950 रुपए बताई जा रही है। वहीं शराब परिवहन में इस्तेमाल की गई आर्टिगा कार की कीमत लगभग 8 लाख रुपए आंकी गई है। इस तरह कुल मिलाकर 10 लाख 65 हजार 950 रुपए से अधिक की सामग्री जब्त की गई है। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह शराब अनूपपुर (मध्य प्रदेश) से लेकर आ रहा था। फिलहाल पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी का पहले से ही आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ बलौदाबाजार और दुर्ग जिले के अलग-अलग थानों में कई मामले दर्ज हैं।
<
