![]()
छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा पुलिस ने पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI से जुड़े एक संदिग्ध व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर देश विरोधी गतिविधियों में शामिल होने का आरोप है। यह गिरफ्तारी अकलतरा थाना क्षेत्र में किरायेदार सत्यापन अभियान के दौरान हुई। गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान पंजाब के तरन तारण जिले के पट्टी निवासी सेवक सिंह के रूप में हुई है। उसके खिलाफ अकलतरा थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 152 और 61(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देश पर जिले में आपराधिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अकलतरा के मिनीमाता चौक स्थित राजीव केडिया के मकान में बाहरी राज्यों के किरायेदारों के रहने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर किरायेदारों का सत्यापन किया। इस दौरान सेवक सिंह संदिग्ध अवस्था में पाया गया। पूछताछ में आरोपी सेवक सिंह ने खुद को पाकिस्तान सीमा क्षेत्र के पास का निवासी बताया, लेकिन उसके जवाब संतोषजनक नहीं थे। संदेह होने पर पुलिस ने उसके मोबाइल फोन की जांच की। पुलिस के अनुसार, जांच में उसके मोबाइल से पाकिस्तान, सऊदी अरब और अन्य विदेशी नंबरों से संपर्क के प्रमाण मिले हैं। इन सबूतों के आधार पर उस पर ISI से जुड़े होने का आरोप लगाया गया है।
<
