द ब्लेज ईन्यूज,जशपुरनगर: कोतबा चौकी क्षेत्र के पतराटोली गांव में ग्रामीण की हुई हत्या के मामले से पर्दा उठाते हुए पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार मृतक की हत्या पत्नी को छेडछाड़ से बचाने के दौरान हुए विवाद से हुई थी। चौकी प्रभारी बृजेश यादव ने बताया कि 26 फरवरी को ओडिसा के सुंदरगढ़ जिले के पंडरीडीपा निवासी विमला प्रधान ने चौकी में सूचना दिया था कि उसके भाई विनोद भुईहर 50 वर्ष की संदिग्ध स्थिति में मौत हो गई है और उसके शव की अंतिम संस्कार की तैयारी चल रही है। शिकायत पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए जब्त कर लिया था। पीएम रिपोर्ट में चिकित्सकों ने मृतक के सिर सहित शरीर के अन्य हिस्सों में आए गंभीर चोट को मौत का करण बताते हुए,हत्या की आशंका जताई।

मामले में अज्ञात आरोपित के विरूद्व हत्या का अपराध पंजिबद्व कर,पुलिस ने मृतक की पत्नी तिजो बाई से पूछताछ किया। पूछताछ में तिजो बाई ने बताया कि 25 फरवरी को वह अपने पति और बच्चों के साथ सरपंच की जीत का जश्न देखने के लिए गई हुई थी। घर वापस आने के दौरान आरोपित सुखनंदन भुईहर उसे छेड़ रहा था। उसके पति विनोद ने जब आरोपित को छेड़ने से रोका तो दोनों के बीच विवाद हो गया। विवाद के दौरान आरोपित सुखनंदन ने उसके पति की जमकर पिटाई की और उसे उठा कर सीसी रोड में पटक दिया। घटना में विनोद के सिर में गंभीर चोट आई और वह अचेत हो गया। बेहोश विनोद को सुखनंदन के साथ मिल कर घर ले आए। यहां विनोद की मौत हो गई। आरोपित सुखनंदन ने घटना के बारे में किसी को जानकारी देने पर जान से मारने की धमकी दी थी। बयान के आधार पर कोतबा पुलिस ने आरोपित सुखनंदन के विरूद्व बीएनएस की धारा 74,103 (1),351 (3) के अंर्तगत अपराध पंजिबद्व करते हुए गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
