![]()
.
जिले का पहला व ओवरऑल 20वां राष्ट्रीय रोवर-रेंजर जंबूरी 2026 का आयोजन ग्राम दुधली में 9 से 13 जनवरी 2026 तक किया जाएगा। सोमवार को प्रदेश के स्कूली शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने कार्यक्रम स्थल का विधिवत भूमिपूजन किया। इस दौरान राजकीय पशु वन भैंसा पर आधारित शुभंकर तथा विकसित युवा, विकसित भारत थीम पर आधारित लोगो का अनावरण किया। मंत्री ने बताया कि राष्ट्रीय रोवर-रेंजर जंबूरी 9 से 13 जनवरी 2026 तक आयोजित की जाएगी। जिसमें देश के विभिन्न राज्यों से 15 हजार से अधिक रोवर और रेंजर शामिल होंगे।
इस कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के राज्यपाल, भारत सरकार के केंद्रीय मंत्री एवं राज्य के मुख्यमंत्री सहित कई गणमान्य व्यक्ति शामिल होंगे। इस तरह का आयोजन हमें सहयोग, अनुशासन और आपसी भाईचारे के महत्व को सिखाता है। उन्होंने इस आयोजन को सफल बनाने के लिए सभी से सहयोग की अपील की। इस दौरान जंबूरी डायरेक्टर अमर क्षेत्री, भारत स्काउट गाइड छत्तीसगढ़ के राज्य मुख्य आयुक्त इंद्रजीत सिंह खालसा, डीपीआई डायरेक्टर ऋतुराज रघुवंशी, राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग के पूर्व सदस्य यशवंत जैन, कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा, एसपी योगेश कुमार पटेल, जिला पंचायत सीईओ सुनील चंद्रवंशी सहित वरिष्ठ जनप्रतिनिधि चेमन देशमुख, जिला मुख्य आयुक्त राकेश यादव, राज्य एथलेटिक्स संघ के उपाध्यक्ष सौरभ लुनिया और अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, स्काउट-गाइड के सदस्य उपस्थित रहे।
पुलिस विभाग को यातायात, सुरक्षा, अन्य को यह जिम्मेदारी: बैठक में बताया गया कि पुलिस विभाग को जंबूरी स्थल में यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसी तरह उद्यानिकी विभाग को पर्याप्त गमले, सजावटी फुल, जनसंपर्क विभाग को प्रचार-प्रसार, जल संसाधन विभाग को वॉटर स्पोर्ट्स, वन विभाग को बांस एवं बल्ली की व्यवस्था, लोक स्वास्थ्य यांत्रिक विभाग को पेयजल एवं शौचालय की व्यवस्था, विद्युत विभाग को ट्रांसफार्मर एवं बिजली सप्लाई की व्यवस्था, लोक निर्माण विभाग को जंबूरी स्थल के लिए प्रवेश मार्ग एवं हेलीपैड का निर्माण, नगरी निकाय को पानी टैंकर, सफाई-कर्मचारी, स्वच्छता व्यवस्था, नगर सेना को अग्निशमन की व्यवस्था, स्वास्थ्य विभाग को चिकित्सा व्यवस्था, परिवहन विभाग को वाहन व्यवस्था सहित विभिन्न विभागों को उनके दायित्वों की जानकारी दी गई। कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा ने मंंत्री को आश्वास्त किया कि आयोजन सफल रहेगा।
<
