![]()
सरगुजा जिले के ग्राम बेलदगी में पुलिया के पास स्कूटी से गिरकर गंभीर रूप से घायल हुई शिक्षिका की इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसा कैसे हुआ, यह स्पष्ट नहीं है। शिक्षिका अपने साथी शिक्षक के साथ स्कूल से लौट रही थी। शिक्षिका के शव को मॉर्च्युरी में रखवा दि
.
जानकारी के मुताबिक, मिडिल स्कूल कुसु में पदस्थ शिक्षिका अंकिता सिंह शुक्रवार शाम स्कूल से छुट्टी होने के बाद उसी स्कूल में पदस्थ शिक्षक हितेश भोई के साथ स्कूटी में सवार होकर लखनपुर लौट रही थी। जैसे ही बेलदगी पुलिया के पास पहुंचे, स्कूटी हादसे का शिकार हो गई और शिक्षिका अंकिता सिंह सड़क पर गिर गया। उसके सिर में गंभीर चोट आई।
हॉस्पिटल में मौत, मॉर्च्युरी में रखवाया गया शव हादसे के बाद अन्य शिक्षकों की मदद से शिक्षिका अंकिता सिंह को निजी अथर्व हॉस्पिटल में भर्ती किया गया। चिकित्सक ने उसे गंभीर अवस्था में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के लिए रेफर कर दिया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचने पर चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
शिक्षिका के शव को मॉर्च्युरी में रखवा दिया गया है। घटना की सूचना पर लखनपुर पुलिस मौके पर पहुंची। अंकिता सिंह मूलतः रायपुर जिले की रहने वाली थी। उसके परिजनों को सूचना दे दी गई है।
हादसे की वजह स्पष्ट नहीं, साथी शिक्षक ने चुप्पी साधी हादसे की वजह अब तक स्पष्ट नहीं हो सकी है। बताया गया है कि स्कूटी संभवतः बाइक से टकराई, लेकिन शिक्षिका की स्कूटी को कहीं और रख दिया गया है। शिक्षिका पेट्रोल पंप के पास किराए के मकान में रहती थी, वहीं उसका साथी शिक्षक हितेश भोई भी रहता है। उसे मामूली चोटें आई हैं। साथी शिक्षकों ने बताया कि वह कुछ बोलने की स्थिति में नहीं है।
लखनपुर पुलिस ने बताया कि मामले में साथी शिक्षक के बयान के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। घटना का कोई प्रत्यक्षदर्शी नहीं मिला है। जहां हादसा हुआ, वह सुनसान इलाका है।
<
