![]()
अब सिक्स, फोरलेन ही नहीं रायपुर शहर की टू लेन सड़कों की सफाई भी मैकेनाइज्ड सिस्टम से होगी। शत-प्रतिशत चौड़ी सड़कों की मशीन से सफाई होने से सड़कों पर धूल की मात्रा कम होगी। साथ ही मुख्य सड़कों की सफाई के लिए प्लेसमेंट के कर्मचारी नहीं लगाने पड़ेंगे और उनका
.
स्वच्छता सर्वे में मैकेनाइज्ड स्वीपिंग से सफाई पर अंक मिलते हैं। रायपुर के पिछले सर्वे में देश में चौथे नंबर पर आने में इस तकनीक से सफाई का भी योगदान माना जा रहा है। इसलिए रायपुर नगर निगम अब शहर में मशीन से सफाई का दायरा बढ़ाने की तैयारी कर रहा है। सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट के तहत चार साल पहले नगर निगम ने मैकेनाइज्ड स्वीपिंग के लिए ग्लोबल गूच वेस्ट मैनेजमेंट कंपनी को ठेका दिया था।
तब अनुबंध के मुताबिक कंपनी को सिक्स और फोर लेन सड़कों की सफाई मशीन से करनी थी। इसके तहत करीब 85 किमी सड़कों की सफाई पिछले चार साल से हो रही है। इससे सड़कों पर डस्ट की मात्रा कम हुई है। छोटा-छोटा कचरा हटाने में सफाई कर्मचारियों की जरूरत ही नहीं पड़ती।
केंद्र सरकार के आवास और पर्यावरण विभाग ने स्मार्ट शहरों की ज्यादा से ज्यादा सड़कों की सफाई इस सिस्टम से करने के निर्देश दिए। इसके बाद रायपुर नगर निगम ने 66 किमी अतिरिक्त सड़क की सफाई मशीन से करने का प्रस्ताव तैयार किया। इसे स्वीकृति के लिए राज्य सरकार को भेजा गया था। शासन से मंजूरी मिलने के बाद नगर निगम ने कंपनी के साथ नया अनुबंध तैयार कर रही है।
अतिरिक्त सड़कों की सफाई के साथ-साथ कंपनी का अनुबंध दो साल के लिए बढ़ाने का भी प्रस्ताव है। दोनों प्रस्तावों पर शासन की मंजूरी मिल चुकी है। कंपनी जल्द ही 66 किमी अतिरिक्त सड़कों की भी सफाई शुरू करेगी।
सफाई सिस्टम मजबूत होगा केंद्र का निर्देश है कि शत-प्रतिशत सड़कों की मैकेनाइज्ड स्वीपिंग हो। इसलिए अब बची हुई सड़कों की भी मशीन से सफाई कराने का निर्णय लिया गया है। – मीनल चौबे, महापौर रायपुर
इन सड़कों की सफाई के लिए मशीन का होगा उपयोग सिद्धार्थ चौक से कौशल्या विहार गेट, आंबेडकर अस्पताल से एमएमआई हॉस्पिटल फ्लाईओवर, जगन्नाथ चौक से महोबाबाजार, सिटी सेंटर मॉल से किसान बाजार, लोधीपारा चौक से विधानसभा गेट नंबर 3, भारत माता चौक से गोंदवारा चौक, विश्वेश्वरैया चौक से नेताजी चौक, टाटीबंध से भनपुरी चौक, तात्यापारा से तेलीबांधा चौक, फुंडहर चौक से एयरपोर्ट, बूढ़ेश्वर मंदिर से पुलिस लाइन, चांदनी चौक से भाठागांव चौक, एम्स से हीरापुर चौक तथा तेलघानी नाका से खालबाड़ा-जगन्नाथ चौक तक करीब 66 किमी अतिरिक्त सड़क की मशीन से सफाई होगी।
इधर, सड़कों पर कचरा देख भड़कीं मेयर त्योहार के बाद सड़कों पर सफाई का जायजा लेने के लिए निकली महापौर मीनल चौबे ने रास्ते में कचरे का ढेर देखकर अफसरों पर नाराजगी जताई। निरीक्षण के दौरान वे शास्त्री बाजार क्षेत्र पहुंची। यहां पर भारी मात्रा में कचरा सड़क पर फैला हुआ था।
उन्होंने संबंधित जोन कमिश्नर को तत्काल कचरा साफ करवाने के निर्देश दिए। मोतीबाग चौक पर भी सड़क किनारे कचरा पड़ा हुआ मिला। उन्होंने तत्काल कचरा साफ कराने कहा। साथ ही जोन कमिश्नर को उर्स पाक का आयोजन होने के बाद भी लग रही अस्थायी दुकानों को तत्काल हटाने के निर्देश दिए।
<
