![]()
उत्तर छत्तीसगढ़ में पश्चिमी विक्षोभ का असर कम होते ही फिर से लू के थपेड़ों ने भीषण गर्मी ला दी है। दो दिनों की राहत के बाद बुधवार को अधिकतम तापमान फिर से 41 डिग्री सेअधिक पहुंच गया। मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को भी अधिकतम तापमान 41 डिग्री से अधिक रह सकता है। दो दिनों में नए सिस्टम के कारण बारिश हो सकती है। इससे गर्मी से राहत मिलेगी। उत्तर छत्तीसगढ़ में तापमान में लगातार उतार-चढ़ाव जारी है। लू के थपेड़ों के कारण अधिकतम तापमान गत रविवार को 42 डिग्री के करीब पहुंच गया था। इसके बाद पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण बादल छाए रहे एवं दो दिनों तक लू से कुछ राहत मिली। बुधवार को बादल छंटने के बाद फिर से लू के थपेड़ों के कारण अधिकतम तापमान 41.2 डिग्री पहुंच गया। दो दिनों में बदल सकता है मौसम सरगुजा संभाग में राजस्थान से आ रही गर्म हवाएं तेजी से प्रवेश कर रही हैं। इसके कारण अधिकतम तापमान बढ़ा है। मौसम विभाग के अनुसार दो दिनों बाद सक्रिय हो रहे नए सिस्टम के कारण फिर से बादल छा सकते हैं। इससे भीषण गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है। मौसम विज्ञानी एएम भट्ठ ने बताया कि तेजी से सक्रिय हो रहे नए सिस्टम के कारण उत्तर छत्तीसगढ़ में बादल छाए रहेंगे। इस दौरान कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ छिटपुट बारिश का भी पूर्वानुमान है। इसके कारण गर्मी से राहत मिल सकती है। सरगुजा में पड़ रही भीषण गर्मी के कारण दोपहर होते ही सड़कों पर सन्नाटा पसरने लगा है। सरगुजा CMHO डॉ. पीएस मार्को ने लोगों को लू से बचने की सलाह दी है।
<
