.
भिलाई इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (बीआईटी) दुर्ग में नैस्कॉम फ्यूचर स्किल्स प्राइम के साथ हुए एमओयू के बाद छात्रों को अत्याधुनिक तकनीकों से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल जारी है। फ्यूचर स्किल्स प्राइम न केवल छात्रों को तकनीकी विशेषज्ञता प्रदान कर रहा है, बल्कि उन्हें प्रतिष्ठित कंपनियों में समर इंटर्नशिप दिलाने में भी सहयोग करेगा। इसके साथ ही निकट भविष्य में छात्रों के लिए एक बड़े जॉब फेयर के आयोजन की भी योजना है, जिससे कैरियर के नए अवसर खुलेंगे। उन्होंने बताया कि यहां से मिलने वाले प्रमाण पत्र पूरी तरह उद्योग मान्य होते हैं, क्योंकि ये नैस्कॉम के उद्योग-समर्थित मानकों, नेशनल ऑक्यूपेशनल स्टैंडर्ड्स (एनओएस) और नेशनल स्किल्स क्वालिफिकेशन फ्रेमवर्क (एनएसक्यूएफ) के अनुरूप हैं।
संस्थान के प्राचार्य डॉ. एसके जायसवाल के मार्गदर्शन और एमबीए विभागाध्यक्ष डॉ. दलजीत सिंह वाधवा के पर्यवेक्षण में यह पहल तेजी से आगे बढ़ रही है। फ्यूचर स्किल्स प्राइम, सेंट्रल इंडिया के रीजनल हेड के.श्रीनु के सहयोग से बीआईटी के विद्यार्थियों को भारत सरकार समर्थित इस राष्ट्रीय तकनीकी स्किलिंग प्लेटफॉर्म के विविध कोर्सों का लाभ मिल रहा है। इस एमओयू के सफल क्रियान्वयन में डॉ. अभिषेक चक्रवर्ती और डॉ. सुनील कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पिछले वर्ष लगभग 200 छात्रों ने फ्यूचर स्किल्स प्राइम के विभिन्न कोर्स पूरे कर प्रमाण पत्र प्राप्त किए। वर्तमान सत्र में भी एमबीए विभाग के कई छात्र इन कोर्सों को पूरा कर चुके हैं और नए विद्यार्थी लगातार इससे जुड़ रहे हैं।
श्रीनु ने बताया कि डिजिटल ट्रांसफ़ॉर्मेशन के दौर में बीआईटी दुर्ग नवीन तकनीकों, नवाचार और प्रायोगिक शिक्षण पर विशेष बल दे रहा है। फ्यूचर स्किल्स प्राइम के साथ यह सहयोग छात्रों को भविष्य के रोजगार अवसरों के लिए अधिक सक्षम बना रहा है। यह पहल न केवल विद्यार्थियों के करियर को मजबूत आधार दे रही है, बल्कि देश को डिजिटल रूप से सशक्त बनाने की दिशा में भी प्रभावी योगदान साबित हो रही है।
<
