![]()
.
छत्तीसगढ़ स्वामी विवेकानंद तकनीकी विश्वविद्यालय की राज्य स्तरीय योग आसन स्पर्धा हुई। इसमें तकनीकी विज्ञान के विद्यार्थियों ने संतुलन और एकाग्रता का प्रदर्शन किया। स्पर्धा के बाद तकनीकी विवि की 14 सदस्यीय टीम बनाई गई।
यह टीम आने वाले दिनों में होने वाली पूर्वी जोन और अखिल भारतीय अंतर विश्वविद्यालयीन स्पर्धा में तकनीकी विवि का प्रतिनिधित्व करेगी। तकनीकी शिक्षा विभाग के अंतर्गत तकनीकी विवि ने एकीकृत राज्य स्तरीय योगासन स्पर्धा का आयोजन शासकीय कन्या पॉलिटेक्निक कॉलेज बैरन बाजार रायपुर में किया। प्रतियोगिता के बाद तकनीकी विवि की टीम बनाई गई।
विवि के खेल निदेशक किशोर भारद्वाज ने बताया कि टीम में यश देशाले, तोषानी साहू, आदर्श सिंह, डुमेश कुमार, प्रदीप कुमार केंवट, कलेश चंद्रवंशी, सूर्यप्रकाश शुक्ला, सीमा पटेल, स्नेहा गुप्ता, खुशी, इतिशा लहरे, साक्षी, पल्लवी वर्मा, रूपाली साहू और लावण्या शामिल हैं। प्रतियोगिता के बाद विजेता और उपविजेता प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम के मुख्यअतिथि वरिष्ठ समाज सेवी गोविंद अग्रवाल ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की आत्मा है। इसे जीवन का हिस्सा बनाना न केवल शारीरिक स्वास्थ्य बल्कि मानसिक संतुलन और आत्मिक शांति के लिए आवश्यक है। तकनीकी विवि का यह एक सराहनीय पहल है कि तकनीकी विद्यार्थियों को योग के लिए बढ़ावा दिया जा रहा है। इस अवसर पर वरिष्ठ खेल अधिकारी कोंडल राव, पर्यवेक्षक पुरुषोत्तम रात्रे, चयनकर्ता अनिता वर्मा और डॉ. मेजर सिंह, क्रीड़ा अधिकारी हेमंत चंद्रवंशी, महिला पॉलीटेक्निक कॉलेज की प्राचार्य प्रो. वर्षा चौरसिया आदि उपस्थित रहे।
<
