दुर्ग जिले में 2 से 4 नवंबर तक तीन दिवसीय राज्योत्सव का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन गंजपारा स्थित पुरानी गंज मंडी परिसर में होगा। कलेक्टर अभिजीत सिंह ने कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
.
कलेक्टर ने मंच निर्माण, विभागीय स्टॉल, बैठक व्यवस्था, पार्किंग और अन्य सभी व्यवस्थाओं को समय पर और सुव्यवस्थित ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राज्योत्सव जिले के गौरव, संस्कृति और जनभागीदारी का प्रतीक है, इसलिए सभी विभाग मिलकर इसे सफल बनाएं।
राज्योत्सव के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए जाएंगे। इन स्टॉलों के माध्यम से आम जनता को शासन की योजनाओं और सेवाओं की जानकारी दी जाएगी। स्वास्थ्य विभाग निःशुल्क जांच शिविर लगाएगा, जिसमें टीबी, सिकलिंग, हीमोग्लोबिन, बीपी, शुगर, नेत्र परीक्षण जैसी सामान्य जांचें होंगी। साथ ही, आयुष्मान कार्ड और वय वंदन कार्ड भी बनाए जाएंगे।
बिजली विभाग प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत नागरिकों का पंजीयन करेगा, जिससे उन्हें सौर ऊर्जा का लाभ मिल सके। कलेक्टर ने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि नागरिकों को कोई असुविधा न हो और कार्यक्रम का माहौल आकर्षक व सुव्यवस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल, एडीएम अभिषेक अग्रवाल, अपर कलेक्टर योगिता देवांगन, विरेन्द्र सिंह, संयुक्त कलेक्टर हरवंश मिरी, डिप्टी कलेक्टर उत्तम ध्रुव, हितेश पिस्दा, नगर निगम कमिश्नर सुमित अग्रवाल और रिसाली कमिश्नर मोनिका वर्मा सहित कई विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

दुर्ग: माटरा में नए विद्युत उपकेंद्र का भूमिपूजन
दुर्ग जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली व्यवस्था मजबूत करने के लिए दो महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। शिक्षा, ग्रामोद्योग एवं विधि-विधायी कार्य मंत्री गजेंद्र यादव ने ग्राम माटरा में 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र निर्माण का भूमिपूजन किया। वहीं, बघेरा उपकेंद्र में पावर ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ाकर हजारों उपभोक्ताओं को बेहतर बिजली आपूर्ति की सौगात दी गई है।
माटरा में आयोजित भूमिपूजन समारोह में मंत्री गजेंद्र यादव ने बताया कि यह उपकेंद्र क्षेत्र की वर्षों पुरानी मांग थी, जो अब पूरी हो रही है। इससे किसानों को उच्च गुणवत्ता वाली बिजली मिलेगी, जिससे फसल उत्पादन में सुधार होगा।

2 करोड़ 38 लाख रुपए की लागत से बनेगा उपकेंद्र
लगभग 2 करोड़ 38 लाख रुपए की लागत से बनने वाला यह उपकेंद्र माटरा, पेण्ड्रीतराई, कोकड़ी, हरदी, गोता, खजरी और ठेंगाभाठ सहित सात गांवों के हजारों उपभोक्ताओं को लाभान्वित करेगा।सीएसपीडीसीएल दुर्ग क्षेत्र के मुख्य अभियंता संजय खंडेलवाल ने कहा कि यह उपकेंद्र केवल बिजली का ढांचा नहीं, बल्कि किसानों और उपभोक्ताओं की समृद्धि का प्रतीक बनेगा।
दूसरी ओर, दुर्ग क्षेत्र के बघेरा उपकेंद्र में पावर ट्रांसफार्मर की क्षमता वृद्धि से 6500 से अधिक उपभोक्ताओं को लो वोल्टेज और ओवरलोडिंग की समस्या से राहत मिलेगी। पुराने 3.15 एमवीए ट्रांसफार्मर को हटाकर 5 एमवीए क्षमता का नया ट्रांसफार्मर स्थापित किया गया है। अब उपकेंद्र की कुल क्षमता 15 एमवीए हो गई है।
इस अपग्रेडेशन से गया नगर, गिरधारी नगर, शंकर नगर और आसपास के क्षेत्रों के उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित होगी। इस अवसर पर विधायक दीपेश साहू ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की।
विशिष्ट अतिथियों में तेलघानी बोर्ड रायपुर के अध्यक्ष जितेंद्र साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष सरस्वती बंजारे और जनपद पंचायत धमधा अध्यक्ष लीमन साहू सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और ग्रामीण उपस्थित रहे।
<
