छत्तीसगढ़ कांग्रेस में जिला अध्यक्षों की नियुक्ति को लेकर मंथन चल रहा है। इस बीच रायपुर विकास प्राधिकरण (RDA) के पूर्व उपाध्यक्ष और वरिष्ठ कांग्रेस नेता शिव सिंह ठाकुर ने सोशल मीडिया के ज़रिए कांग्रेस से दूरी बनाने का ऐलान किया है।
.
अपने फेसबुक पोस्ट पर लिखा है कि, उन्होंने रायपुर शहर कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए आवेदन किया था, लेकिन निराशा हाथ लगी। अब वे राजनीति से हटकर दोबारा इंजीनियरिंग के पेशे में लौटेंगे।

शिव सिंह ठाकुर ने सोशल मीडिया पर लिखा– अब राजनीति नहीं, इंजीनियरिंग करूंगा।
अब राजनीति से ज्यादा इंजीनियरिंग को समय दूंगा
शिव सिंह ठाकुर ने अपनी पोस्ट में लिखा है कि, रायपुर शहर अध्यक्ष के लिए आवेदन दिया था लेकिन बहुत ज्यादा निराशा हाथ लगी। अब मुझे लगता है कि इंजीनियरिंग के पेशे में वापस लौटना पड़ेगा। जो समय अब तक पूरी तरह कांग्रेस को देता था, अब नहीं दे पाऊंगा।
उन्होंने लिखा कि वे कभी राजनीति में नहीं आना चाहते थे, बल्कि उनके पिता की इच्छा थी कि वे इंजीनियर बनें और सरकारी सेवा करें। लेकिन पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी से प्रेरणा लेकर वे यूथ कांग्रेस से जुड़ गए और सामाजिक काम में सक्रिय हो गए।
15 साल तक संगठन के केंद्र में रहा, अब समय बदल गया
उन्होंने कहा कि, 2011 के बाद से अब तक पार्टी के सभी प्रदेश अध्यक्षों के साथ काम करने का मौका मिला। संगठन, अनुशासन और प्रोटोकॉल जैसे महत्वपूर्ण विभागों में सक्रिय रहा। समय बदल रहा है, और उसके साथ-साथ चुनौतियां भी बढ़ रही हैं।
उन्होंने कहा कि राजनीति में कल्पना और यथार्थ के बीच एक पतली लकीर होती है। हर नेता को संसाधनों की कमी और राजनीतिक संघर्ष के बीच अपना रास्ता तय करना होता है।
शहर अध्यक्ष पद के लिए आवेदन देना भी मेरे लिए सपना जैसा था
मैंने कभी सोचा नहीं था कि रायपुर शहर कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए आवेदन करूंगा, लेकिन राहुल गांधी के संगठन सृजन अभियान ने वह अवसर दिया। कुछ साथियों का साथ मिला, लेकिन अधिकतर से समर्थन नहीं मिला। उन्होंने अंत में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, साथियों और कार्यकर्ताओं का आभार जताया और कहा कि यह निर्णय किसी गुस्से या नाराजगी का नहीं, बल्कि आत्ममंथन का नतीजा है।
पोस्ट डिलीट, लेकिन स्क्रीनशॉट वायरल
शिव सिंह ठाकुर की पोस्ट को उन्होंने कुछ ही देर में सोशल मीडिया से हटा लिया, लेकिन तब तक पोस्ट के स्क्रीनशॉट वायरल हो चुके थे। इससे राजनीतिक हलकों में चर्चाएं तेज हो गईं कि क्या ठाकुर पार्टी से नाराज़ हैं या संगठन में अनदेखी से आहत।
ठाकुर बोले- कांग्रेस से कोई नाराजगी नहीं
दैनिक भास्कर से बातचीत में शिव सिंह ठाकुर ने कहा कि, मैंने कांग्रेस को लेकर कोई शिकायत या नाराजगी जाहिर नहीं की है। मैंने बस यह कहा कि अब मैं इंजीनियरिंग की तरफ फिर से ध्यान देना चाहता हूं। पार्टी जो भी जिम्मेदारी देगी, उसे पूरी निष्ठा से निभाऊंगा।
<
