छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के माँ कौशल्या धाम जामड़ी पाटेश्वर आश्रम में आयोजित शरद पूर्णिमा महोत्सव में सीएम विष्णुदेव साय परिवार सहित शामिल हुए।
.
जहां उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की पुण्य भूमि माता कौशल्या की जन्मस्थली और भगवान श्री राम का ननिहाल होना हम सभी छत्तीसगढ़ वासियों के लिए सौभाग्य की बात है।
इस दौरान बड़े जुंगेरा स्थित माँ कौशल्या धाम मंदिर में पूजा अर्चना की और जामड़ी पाटेश्वर आश्रम में संत श्री रामकृष्ण दास महात्यागी और संत श्री राम जानकीदास महात्यागी को श्रद्धांजलि अर्पित कर छत्तीसगढ़ की सुख-समृद्धि की कामना की।

वनवास के दौरान भगवान अधिक समय छत्तीसगढ़ में रहे
भगवान श्री राम से जुड़े इतिहास पर मुख्यमंत्री साय ने कहा कि भगवान श्री रामचंद्र ने अपने 14 साल के वनवास में अधिकांश समय छत्तीसगढ़ की धरती में व्यतीत किया। यह हम सभी के लिए गर्व और सौभाग्य का विषय है।
उन्होंने अपने लगभग 19-20 महीने के मुख्यमंत्री कार्यकाल में राज्य में हुए उल्लेखनीय विकास कार्यों और मोदी सरकार की गारंटी के तहत किए गए वादों को पूरा करने की जानकारी भी साझा की।

बस्तर में हो रहा तेजी से विकास
सीएम साय ने बस्तर क्षेत्र में किए जा रहे विकास कार्यों का जिक्र करते हुए कहा कि राज्य का मनोरम प्राकृतिक सौंदर्य शांति और विकास का केंद्र बनेगा। उन्होंने छत्तीसगढ़ की खनिज संपदा की सुरक्षा और संवर्धन के लिए सरकार द्वारा निरंतर प्रयास किए जाने की बात कही।

साधना स्थल पर संत बालक दास से की मुलाकात
मुख्यमंत्री ने केबीनेट मंत्रियों के साथ पाटेश्वर आश्रम स्थित साधना स्थल में जाकर संत श्री राम बालकदास महात्यागी एवं श्रद्धालुओं से मुलाकात की। संत श्री राम बालकदास महात्यागी ने मचान वाले बाबा के नाम से विख्यात संत श्री रामकृष्ण दास महात्यागी के वनवासी क्षेत्र के लिए किए गए उल्लेखनीय कार्यों की जानकारी दी और दोनों संतों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
मुख्यमंत्री के साथ कृषि मंत्री रामविचार नेताम, वन मंत्री केदार कश्यप और सांसद भोजराज नाग भी मौजूद रहे। सभा में रायपुर उत्तर के विधायक पुरंदर मिश्रा, मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी कौशल्या साय, जिला पंचायत की अध्यक्ष तारणी पुष्पेंद्र चंद्राकर, राष्ट्रीय बाल संरक्षण आयोग के पूर्व सदस्य यशवंत जैन उपस्थित रहे।
इस अवसर पर दुर्ग पुलिस रेंज के आईजी रामगोपाल गर्ग, मुख्य वन संरक्षक मर्सी बेला, कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा, वनमंडलाधिकारी अभिषेक अग्रवाल, जिला पंचायत सीईओ सुनील चंद्रवंशी, अपर कलेक्टर चंद्रकांत कौशिक और अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।
<
