चेकअप के बहाने ट्रेनी डॉक्टर से छेड़छाड़, सीनियर पर FIR
छत्तीसगढ़ के कोरबा जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल में एक ट्रेनी डॉक्टर ने सीनियर डॉक्टर पर छेड़छाड़ का आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
.
आरोप आयुष विंग विभाग में पदस्थ सीनियर आयुर्वेदिक डॉक्टर एके मिश्रा पर लगा है। शिकायतकर्ता ट्रेनी डॉक्टर पिछले तीन माह से इसी विभाग में ट्रेनिंग ले रही है। यह मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है।
घटना दो दिन पहले शनिवार दोपहर की बताई जा रही है। ट्रेनी डॉक्टर किसी काम से डॉक्टर एके मिश्रा के स्टाफ रूम में गई थी। उस समय डॉक्टर एके मिश्रा और ट्रेनी डॉक्टर के अलावा एक अन्य स्टाफ भी मौजूद था।

तबीयत पूछने के बहाने ट्रेनी डॉक्टर से छेड़छाड़
पीड़िता का आरोप है कि डॉक्टर मिश्रा ने ट्रेनी डॉक्टर को अपने पास बुलाया और कहा, तुम्हारी तबीयत ठीक नहीं लग रही है, मैं चेकअप कर देता हूं। जब ट्रेनी डॉक्टर ने मना किया और कहा कि वह ठीक है, तो उन्होंने जबरदस्ती जांच करने की कोशिश की और छेड़छाड़ की।

कमरे से भागी ट्रेनी डॉक्टर
किसी तरह ट्रेनी डॉक्टर कमरे से बाहर आई और तुरंत इस घटना की शिकायत मेडिकल कॉलेज के डीन को लिखित में दी। इसके बाद उसने अपने परिजनों को भी घटना की जानकारी दी, जिसके बाद परिजन अगली सुबह कोरबा पहुंचे और सिविल लाइन थाने में पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर तुरंत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतीश ठाकुर ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर धारा 354 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल के डीन के.के. सहारे ने कहा कि ट्रेनी डॉक्टर ने डॉक्टर एके मिश्रा के खिलाफ शिकायत की है। इसकी जांच आंतरिक निवारण समिति द्वारा की जाएगी। उन्होंने बताया कि दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
<
