भास्कर न्यूज | जांजगीर जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत जांजगीर‑चांपा पुलिस ने कार्रवाई की है। प्रभारी पुलिस अधीक्षक निवेदिता पाल के नेतृत्व में सोमवार को जिले के विभिन्न थानों में जब्त किए गए अवैध मादक पदार्थों का नष्टीकरण किया गया। नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत गठित जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल समिति की निगरानी में यह कार्रवाई हुई। प्रकाश इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड कोटाडबरी, चांपा स्थित प्लांट की भट्ठी में 123 किलो गांजा और भारी मात्रा में नशीली टेबलेट्स को जलाकर नष्ट किया गया। नष्ट किए गए मादक पदार्थों की अनुमानित कीमत करीब 63 लाख रुपए बताई गई है। पूरी प्रक्रिया नियमों के अनुसार पारदर्शी तरीके से पूरी की गई। इस दौरान ड्रग डिस्पोजल कमेटी की अध्यक्ष और प्रभारी एसपी निवेदिता पाल, सहायक आबकारी आयुक्त नीलिमा डिग्रेसकर और क्षेत्रीय पर्यावरण संरक्षण मंडल के अधिकारी राजाराम वैष्णव मौजूद रहे। विभिन्न मामलों में जब्त किए गए नशीले पदार्थों को मालखाने से कड़ी सुरक्षा के बीच प्लांट तक पहुंचाया गया। इस कार्रवाई में निरीक्षक अशोक वैष्णव, जिला अपराध शाखा प्रभारी जगदीश्वर प्रसाद, आरक्षक श्याम सुंदर जांगड़े, मालखाना प्रभारी देव रत्नाकर और पीआईएल के तकनीकी स्टाफ का योगदान रहा। प्रभारी एसपी निवेदिता पाल ने कहा कि जिले में नशे के अवैध कारोबार को जड़ से खत्म करना प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि आगे भी नशे के खिलाफ इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस की इस पहल से नशा तस्करों में खलबली मच गई है।
<
