![]()
कोरबा के पीएम श्री एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय छुरी कला के कक्षा 10वीं के छात्र सार्थक तंवर का चयन इसरो के प्रतिष्ठित ‘युविका – युवा विज्ञानी कार्यक्रम’ के लिए हुआ है। इस उपलब्धि पर कलेक्टर कुणाल दुदावत ने सार्थक को सम्मानित किया और शुभकामनाएं दीं।
.
कलेक्टर कुणाल दुदावत ने सार्थक तंवर के चयन को पूरे जिले के लिए महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी। कलेक्टर ने आशा व्यक्त की कि सार्थक भविष्य में अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।
ये है युविका कार्यक्रम का उद्देश्य
भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) की ओर से ‘युविका’ कार्यक्रम कक्षा 9वीं के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को अंतरिक्ष विज्ञान की गहन जानकारी प्रदान करने के उद्देश्य से संचालित किया जाता है। इसका लक्ष्य युवाओं में विज्ञान और तकनीक के प्रति रुचि बढ़ाना, उन्हें भविष्य के वैज्ञानिक बनने के लिए प्रेरित करना है।
सार्थक का चयन और सम्मान
सार्थक का चयन हरिकोटा, आंध्र प्रदेश स्थित सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र में 10 मई से 22 मई 2026 तक आयोजित होने वाले 15 दिवसीय प्रशिक्षण के लिए हुआ है। प्राचार्य डॉ. असद अहमद ने प्रार्थना सभा में सार्थक को सम्मानित करते हुए अन्य विद्यार्थियों को भी ऐसे कार्यक्रमों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
सहायक आयुक्त श्रीकांत कसेर ने कहा कि छात्र की यह सफलता विद्यालय और पूरे जिले के लिए महत्वपूर्ण है। सार्थक तंवर ने ‘युविका’ में अपने चयन पर खुशी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि यह अंतरिक्ष विज्ञान को करीब से समझने का एक महत्वपूर्ण अवसर है। सार्थक ने बताया कि वह इस प्रशिक्षण से प्राप्त ज्ञान का उपयोग भविष्य में अंतरिक्ष क्षेत्र में कार्य करने के लिए करना चाहते हैं।
<
