![]()
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में इंटक स्थापना दिवस को श्रमिक उत्सव के रूप में मनाया जा रहा है। इस दौरान पूरे हफ्ते अलग-अलग उद्योगों में जाकर कई कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। रविवार को इस मौके पर पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव भी श्रमिकों के बीच पहुंचे। उन्होंने वहां श्रमिकों को श्रमिक किट वितरित की। इस दौरान पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने श्रमिकों को श्रमिक दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि काम करते समय सुरक्षा का ध्यान रखें। साथ ही टिफिन, पानी की बोतल और फूड पैकेट समेत श्रमिक किट भी बांटी गई। इस मौके पर बड़े नेता को अपने बीच पाकर श्रमिकों में काफी उत्साह देखा गया। कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष संजय सिंह के मार्गदर्शन में शाहनवाज खान के नेतृत्व में सैकड़ों श्रमिकों के लिए उपहार के रूप में किट तैयार की गई थी। इन किट में श्रमिकों की जरूरत की चीजें रखी गई थीं। जिले के अलग-अलग उद्योगों में इंटक के कार्यकर्ता पहुंचकर श्रमिकों से बातचीत कर रहे हैं और श्रमिक दिवस को उत्साह के साथ मना रहे हैं। उद्योगों में बढ़ती घटनाओं पर चिंता जताई इंटक के प्रदेश वरिष्ठ सचिव और रायगढ़ जिला अध्यक्ष शाहनवाज खान ने श्रमिकों के बीच पहुंचकर उनसे नई सोच के साथ बातचीत की। उन्होंने जिले के उद्योगों में हो रही लगातार घटनाओं पर चिंता जताई और कहा कि श्रमिकों की सुरक्षा और उनके अधिकारों के बारे में जागरूकता बढ़ाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि श्रमिक किसी भी उद्योग की रीढ़ होते हैं और उनकी सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों को नजरअंदाज करना किसी भी हाल में सही नहीं है।
<
