![]()
.
लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती व राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर शुक्रवार को पीएम श्री स्वामी आत्मानंद शासकीय अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, दाऊपारा, मुंगेली में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इन आयोजनों में रन फॉर यूनिटी, भाषण, निबंध और चित्रकला प्रतियोगिताएं शामिल थीं।
कार्यक्रम की शुरुआत में जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) एलपी डाहिरे ने शाला परिवार के साथ प्राथमिक व पूर्व माध्यमिक स्तर के विद्यार्थियों को राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल ने अपने दृढ़ संकल्प और अदम्य साहस से भारत को एक सूत्र में पिरोया और हमें उनके आदर्शों पर चलने की प्रेरणा लेनी चाहिए। शपथ ग्रहण के बाद हाई व हायर सेकेंडरी के विद्यार्थियों ने रन फॉर यूनिटी में उत्साहपूर्वक भाग लिया। एकता और राष्ट्रप्रेम की भावना के साथ विद्यार्थियों ने सर्किट हाउस तक दौड़ लगाई, जिसका समापन शाला परिसर में हुआ।
कार्यक्रम में डीएसपी एसआर. घृतलहरे ने सरदार पटेल ने कहा कि उन्होंने भारत को एकता के बंधन में जोड़कर संपूर्ण प्रभुत्व संपन्न गणराज्य की नींव रखी। बता दें कि भाषण प्रतियोगिता में स्वीटी पाटले (12वीं विज्ञान) प्रथम, हिमानी पटेल (11वीं गणित) द्वितीय और मानसी पात्रे (11वीं गणित) तृतीय स्थान पर रहीं। निबंध प्रतियोगिता में श्वेता लहरे (12वीं जीवविज्ञान) ने प्रथम, स्वीटी पाटले ने द्वितीय और अनुष्का बंजारा (10वीं) ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं, चित्रकला प्रतियोगिता में आद्या उपाध्याय (10वीं) प्रथम, सुधांशु नेताम (9वीं) द्वितीय और अनिरुद्ध देवांगन (9वीं) तृतीय रहे। इस अवसर पर जिला परियोजना अधिकारी रामनाथ गुप्ता, डीएमसी अशोक कश्यप सहित बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं और विद्यार्थी उपस्थित रहे।
<
