सारंगढ़ में पागल कुत्ते का आतंक: 5 मोहल्लों में 31 लोगों को काटा, 5 गंभीर


छत्तीसगढ़ के सारंगढ़ में एक पागल कुत्ते ने करीब 31 लोगों को काटकर घायल कर दिया है। शहर के 5 मोहल्लों में कुत्ते ने पिछले 2 दिन से उत्पात मचाया हुआ है। गढ़ चौक, कुटेला, देवरपारा, प्रतापगंज और बाजार चौक के रहवासियों को कुत्ते ने बुरी तरह काटकर घायल कर दिया है।
घायलों में 22 पुरुष, 4 महिलाएं और 5 बच्चे शामिल हैं। पीड़ितों के हाथ-पैर और जांघ पर काफी गहरे घाव हुए हैं। इनमें 5 लोगों को गंभीर चोट आई हैं। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मरीजों को सीरम और वैक्सीन दे दी गई है।
बताया जा रहा है कि गांव वालों ने गुस्से में कुत्ते को मार डाला है। हालांकि, इसकी पुष्टि नहीं हुई है। लोगों में अभी भी डर बना हुआ है। इस पूरी घटना में निगम की ओर से कोई ठोस कार्रवाई सामने नहीं आई है। पीड़ितों में महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग शामिल हैं।
पागल कुत्ते के लोगों को काटते हुए CCTV फुटेज भी सामने आया है। वहीं बलौदाबाजार में भी शनिवार को पागल कुत्ते ने 13 लोगों को शिकार बनाया। आतंक मचाने वाले कुत्ते को लोगों ने कड़ी मश्क्कत के बाद पकड़ा और उसे मार डाला।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, प्रभावित क्षेत्रों में लोग अब सड़क पर निकलते समय खास सावधानी बरत रहे हैं। शहरवासियों का कहना है कि अगर कुत्ते को जल्द नहीं पकड़ा गया, तो वह और लोगों को अपना शिकार बना सकता है। खासकर बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर लोगों में चिंता है।
घटना के बाद शहरवासियों ने प्रशासन और नगर निगम से आवारा कुत्ते को जल्द पकड़ने की मांग की है। लोगों का कहना है कि लगातार हो रहे हमलों को देखते हुए तत्काल कार्रवाई जरूरी है, ताकि शहर में राहगीरों और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
ठीक इसी तरह का मामला बलौदाबाजार जिले से भी सामने आया है। जहां शनिवार को पलारी में पागल कुत्ते ने 13 लोगों को काट दिया। घंटों तक आतंक मचाने के बाद ग्रामीणों ने कुत्ते को पकड़ा और उसे मार डाला।
पलारी अस्पताल के बीएमओ डॉ. पंकज वर्मा ने बताया कि सुबह एक बच्चे को लैब के सामने कुत्ते ने काटा था। इसके बाद लगातार घायल अस्पताल पहुंचते रहे और शाम तक 13 लोगों का उपचार किया गया। सभी घायलों को एंटी रैबीज वैक्सीन और इम्युनोग्लोबुलिन की डोज दी गई है।
पशु चिकित्सक डॉ. पुष्पा चंद्राकर ने बताया कि रेबीज वायरस से संक्रमित कुत्ते में आक्रामकता बढ़ सकती है और वह बिना कारण लोगों पर हमला कर सकता है। ऐसे कुत्ते को तुरंत अलग करना जरूरी है। उन्होंने लोगों को आवारा और संदिग्ध व्यवहार करने वाले कुत्तों से दूरी बनाए रखने की सलाह दी।




