Uncategorized

सड़क पर जान जोखिम में डालने का मामला: कार मालिक के खिलाफ BNS के तहत मुकदमा दर्ज

छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में चलती कार पर तीन युवतियों द्वारा की गई स्टंटबाजी का वीडियो सामने आया है। वीडियो में गरबा ड्रेस पहने एक युवती कार के बोनट पर लेटी हुई है, जबकि दो अन्य युवतियां कार के दोनों तरफ के दरवाजों पर लटककर डांस कर रही हैं। यह मामला रविशंकर नगर इलाके का है। युवतियों ने इस स्टंटबाजी का वीडियो शूट किया और ‘जस्ट चील चील चील’ गाने पर सोशल मीडिया पर अपलोड किया।

वीडियो के साथ पोस्ट किए गए कैप्शन में लिखा गया है- ‘फ्रीडम उसी को मिलती है, जो घर में गाली खाने का जिगरा रखता हो। ’ वीडियो में कार का नंबर CG 12 BV 6007 स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है। वीडियो मानिकपुर चौकी क्षेत्र के रविशंकर नगर का बताया जा रहा है, जहां नवरात्रि के अवसर पर सड़कों पर सजावट की गई है।

वीडियो में काले रंग की कार सड़क पर चलती नजर आ रही है। एक युवती कार के बोनट पर लेटी हुई है, जबकि दो युवतियां कार के दोनों दरवाजों पर लटकी हुई हैं। तीनों चलती कार पर स्टंट करती दिखाई दे रही हैं। इस दौरान उन्होंने रील भी शूट की।

वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आईं। लोगों ने इस तरह के स्टंट को खतरनाक बताते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की।

वायरल वीडियो के बाद पुलिस ने मामले में संज्ञान लेते हुए कार्रवाई की। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने बताया कि मानिकपुर चौकी क्षेत्र के रविशंकर नगर में एक काले रंग की कार के बोनट और दोनों दरवाजों पर तीन युवतियां बैठी हुई थीं। कार चल रही थी और इस तरह खतरनाक परिस्थितियों में वाहन चलाकर लोगों की जान को जोखिम में डाला जा रहा था।

एएसपी के मुताबिक, मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। कार की पहचान कर उसके मालिक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। संबंधित युवतियों के खिलाफ भी नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस ने युवाओं से अपील की है कि वे सड़क पर इस तरह के खतरनाक स्टंट न करें। ऐसी लापरवाही से खुद की जान के साथ दूसरे राहगीरों की जिंदगी भी खतरे में पड़ सकती है। खासकर त्योहारी सीजन में सड़कों पर आवाजाही बढ़ने के कारण इस तरह का स्टंट बड़े हादसे का कारण बन सकता है।

पुलिस के मुताबिक, सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों को यातायात नियमों और खतरनाक स्टंट के जोखिमों के बारे में लगातार जागरूक किया जाता है। इसके बावजूद इस तरह की घटना सामने आई है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि लोगों की जान जोखिम में डालने वाले ऐसे मामलों में वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button