Uncategorized

गरबा ड्रेस में कार पर लेटकर और लटककर डांस, रविशंकर नगर का वीडियो वायरल; युवतियों पर भी होगी कार्रवाई

छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में चलती कार पर तीन युवतियों द्वारा की गई स्टंटबाजी का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में गरबा ड्रेस पहने एक युवती कार के बोनट पर लेटी हुई है, जबकि दो अन्य युवतियां कार के दोनों तरफ के दरवाजों पर लटककर डांस कर रही हैं। यह घटना रविशंकर नगर इलाके की बताई जा रही है, जो मानिकपुर चौकी क्षेत्र के अंतर्गत आता है।

युवतियों ने इस स्टंट का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड किया है। वीडियो में कार का नंबर सीजी 12 बीवी 6007 स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है। वीडियो को ‘जस्ट चील चील चील’ गाने पर शूट किया गया है। पोस्ट के साथ कैप्शन लिखा गया है- ‘फ्रीडम उसी को मिलती है, जो घर में गाली खाने का जिगरा रखता हो। ’

वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने तीखी प्रतिक्रियाएं दी हैं। लोगों ने इस तरह के स्टंट को खतरनाक बताते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की। मामले में संज्ञान लेते हुए पुलिस ने वाहन की पहचान कर उसके मालिक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने बताया कि मानिकपुर चौकी क्षेत्र के रविशंकर नगर में एक काले रंग की कार के बोनट और दोनों दरवाजों पर तीन युवतियां बैठी हुई थीं। कार चल रही थी और इस तरह खतरनाक परिस्थितियों में वाहन चलाकर लोगों की जान को जोखिम में डाला जा रहा था। उन्होंने बताया कि मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। कार की पहचान कर उसके मालिक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। साथ ही, संबंधित युवतियों के खिलाफ भी नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस ने युवाओं से अपील की है कि वे सड़क पर इस तरह के खतरनाक स्टंट न करें। ऐसी लापरवाही से न केवल खुद की जान बल्कि दूसरे राहगीरों की जिंदगी भी खतरे में पड़ सकती है। खासकर त्योहारी सीजन में सड़कों पर आवाजाही बढ़ने के कारण इस तरह का स्टंट बड़े हादसे का कारण बन सकता है।

पुलिस के मुताबिक, सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों को यातायात नियमों और खतरनाक स्टंट के जोखिमों के बारे में लगातार जागरूक किया जाता है। इसके बावजूद इस तरह की घटना सामने आई है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि लोगों की जान जोखिम में डालने वाले ऐसे मामलों में वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

गौरतलब है कि नवरात्रि पर्व के दौरान रविशंकर नगर क्षेत्र में सड़कों पर सजावट की गई है। ऐसे में सार्वजनिक स्थलों पर इस तरह की लापरवाही और भी खतरनाक साबित हो सकती है। पुलिस ने लोगों से सतर्क रहने और नियमों का पालन करने की अपील की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button