![]()
.
राष्ट्रीय राजमार्ग 43 पर रविवार को आरटीओ (क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय) उड़नदस्ता ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले बस संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की। इस दौरान निर्धारित किराए से अधिक राशि वसूलने वाली बसों से मौके पर ही जुर्माना वसूला गया।
उड़नदस्ता के प्रभारी एटी द्विवेदी ने बताया कि हाईवे पर चलने वाले यात्री वाहनों की जांच की गई। कार्रवाई के दौरान पॉपुलर बस और राजधानी बस सहित कई यात्री बसों के संचालक निर्धारित किराए से अधिक राशि यात्रियों से वसूलते पाए गए, जिनसे मौके पर ही जुर्माना वसूला गया। जांच के दौरान अधूरे कागजात और यातायात नियमों की अनदेखी करते पाए गए अन्य वाहनों पर भी समन शुल्क लगाया गया। इसके अतिरिक्त, बकाया टैक्स नहीं चुकाने वाले वाहनों की भी जांच की गई। टीम ने इस दौरान 29,000 का बकाया टैक्स मौके पर ही वसूला।
आरटीओ उड़नदस्ता की इस कार्रवाई से बस संचालकों और चालकों में हड़कंप मच गया। कई वाहन चालक टीम से बचने के लिए हाईवे पर ही अपने मार्ग बदलते नजर आए। प्रभारी द्विवेदी ने कहा कि यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने और यात्रियों से मनमानी वसूली पर रोक लगाने के लिए आगे भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी। आरटीओ विभाग ने सभी वाहन संचालकों को सख्त हिदायत दी है कि वे नियमों का कड़ाई से पालन करें।
<
