Uncategorized

रिंग रोड पर अब भी खुले डिवाइडर कट, दुर्घटना की आशंका बरकरार

अंबिकापुर की रिंग रोड पर खुले डिवाइडर कट बंद करने का काम शुरू होने के बाद भी समस्या पूरी तरह खत्म नहीं हुई है। कई स्थानों पर अब भी बड़े-बड़े कट खुले हैं, जो वाहन चालकों और राहगीरों के लिए जानलेवा साबित हो रहे हैं। इन खुले कट के कारण सड़क पर अचानक वाहन आने-जाने से दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। ऐसे में विभाग को अधूरे काम को प्राथमिकता के साथ पूरा कर सभी अनधिकृत कट बंद करने की जरूरत है।

रिंग रोड के करीब 11 किलोमीटर हिस्से में जगह-जगह डिवाइडर के कट खोल दिए गए हैं। इनमें से कुछ कट बंद किए गए हैं, लेकिन कई महत्वपूर्ण स्थानों पर अभी भी कट खुले हुए हैं। विशेषकर गांधी चौक से प्रतीक्षा बस स्टैंड के बीच कई स्थानों पर डिवाइडर कट अब भी नजर आ रहे हैं। नमना कला क्षेत्र में महामाया पेट्रोल पंप के सामने स्थित बड़ा कट भी लोगों के लिए चिंता का कारण बना हुआ है।

नगर निगम पार्षद शुभम जायसवाल ने फरवरी माह में सरगुजा कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर रिंग रोड के खुले डिवाइडर कट बंद कराने की मांग की थी। उन्होंने बताया था कि खुले कट के कारण वाहन चालक नियमों की अनदेखी करते हुए सड़क पार करते हैं, जिससे लगातार दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। नमना कला क्षेत्र में खुले डिवाइडर से सड़क पार करने के दौरान एक व्यक्ति की मृत्यु भी हो चुकी है।

कलेक्टर के निर्देश के बाद अब कट बंद करने का काम प्रारंभ हुआ था। इससे शहरवासियों को राहत की उम्मीद जगी थी, लेकिन जब तक सभी खतरनाक कट पूरी तरह बंद नहीं किए जाते, तब तक कार्रवाई अधूरी मानी जाएगी।

खुले कट से मुख्य सड़क पर अचानक वाहन आने के कारण तेज रफ्तार वाहनों के आपस में टकराने की आशंका बनी रहती है। बारिश के बाद सड़क पर बढ़े गड्ढों और यातायात के दबाव के बीच ऐसे कट दुर्घटना का कारण बन सकते हैं। लोगों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से मांग की है कि कलेक्टर के आदेश के अनुरूप रिंग रोड के सभी अनधिकृत कट को चिह्नित कर तत्काल बंद कराया जाए, ताकि किसी और हादसे का इंतजार न करना पड़े।

नगर के नमनाकला रिंग रोड में सबसे ज्यादा कट छोड़ दिया गया है। यहां एक कट को बंद करने के दौरान कुछ लोगों ने इसे हटा दिया था, जिससे विवाद की स्थिति बनी थी। इसी रिंग रोड पर नमनाकला महामाया पेट्रोल पंप के समीप सबसे बड़ा कट छोड़ा गया है, जहां पेट्रोल भराने के लिए बड़े-बड़े हाईवा, ट्रेलर, बस जैसे वाहन बेतरतीब आवाजाही कर रहे हैं, जिससे दुर्घटना की आशंका हर पल बनी हुई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button