![]()
हाईकोर्ट ने पत्नी की अपील को खारिज कर दी है। साथ ही पति को तलाक का हकदार माना है।
छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट की डिवीजन बेंच ने अपने महत्वपूर्ण फैसले में कहा है कि आत्महत्या के लिए बार-बार धमकी देना पति के साथ क्रूरता है। जब इस तरह की घटनाएं लगातार हो तो कोई भी पति-पत्नी शांति से नहीं रह सकता।
.
ऐसी स्थिति में पत्नी के व्यवहार को देखते हुए पति के लिए किसी भी मेंटल प्रेशर के साथ उसके साथ रहना मुमकिन नहीं है। इस टिप्पणी के साथ ही हाईकोर्ट ने तलाक के खिलाफ पत्नी की अपील खारिज कर दी है।
बता दें कि एक मुस्लिम परिवार की युवती ने घरवालों के साथ मिलकर धोखा दिया और हिंदू युवक से शादी रचा ली। सच्चाई सामने आने पर पति ने तलाक के लिए केस लगाया, जिसकी सुनवाई के बाद कोर्ट ने पति को तलाक के लिए हकदार माना।
ये है पूरा मामला
दरअसल, धमतरी जिले के रहने वाले कारोबारी युवक की शादी साल 2018 में हिंदू रिति रिवाज के साथ कुरुद क्षेत्र की युवती से हुई थी। युवक का आरोप है कि शादी तय हुआ तब युवती और उसके परिवार वालों ने खुद को हिंदू बताया था, जबकि लड़की मुस्लिम परिवार से थी। शादी के बाद उनका बेटा हुआ, जो अब करीब तीन साल का हो गया है।
पति का आरोप है कि शादी के करीब एक हफ्ते बाद पत्नी के साथ वो डोंगरगढ़ स्थित मां बम्बलेश्वरी देवी दर्शन करने के लिए जा रहे थे। तभी रास्ते में सामने एक भैंस आ गई और दोनों पति-पत्नी गिरकर घायल हो गए। जिस पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया।
भूत का साया बताकर ले गए दरगाह
जिसके बाद महिला के पिता ने उन्हें मिलने बुलाया। फिर उन्हें अधारी नवगांव स्थित दरगाह ले गए। इस दौरान बताया कि दोनों पर भूत का साया है। उन्हें हर गुरुवार का दरगाह आने कहा गया। साथ ही यह भरोसा दिलाया कि इससे उसका बिजनेस भी अच्छा चलेगा।
पति को पत्नी के मुस्लिम होने का हुआ शक
शादी के बाद से 7-8 महीने तक लगातार दरगाह जाने के बाद पति को पत्नी और ससुराल वालों के रवैए पर शक हुआ। उसे कारोबार में नुकसान हुआ। दरगाह जाने के बाद उसे पता चला कि पत्नी और उसके माता-पिता मुस्लिम है, जिन्होंने खुद को हिंदू बताकर उससे शादी की है।
धर्म बदलने पति पर बनाया दबाव
सच्चाई सामने आने पर पति ने अपनी पत्नी को हर गुरुवार को दरगाह ले जाना बंद कर दिया। इसके साथ ही पत्नी को भी उसके मायके जाने से मना कर दिया। लेकिन, उसकी पत्नी हर गुरुवार को अपने माता-पिता के घर जाने की जिद करने लगी।
इसके बाद पत्नी और उसके माता-पिता ने उसे मुस्लिम धर्म अपनाने के लिए दबाव बनाने लगे, जिस पर पति ने मुस्लिम धर्म अपनाने से मना कर दिया। जिसके बाद उसकी पत्नी का व्यवहार बहुत बदल गया और आए दिन झगड़ा करने लगी।
पति को छोड़कर मायके चली गई पत्नी, तब लगाया तलाक की अर्जी
इस दौरान उसकी पत्नी अजीब तरह से व्यवहार करना शुरू कर दिया। पति के साथ गाली-गलौज करने लगी। इस बीच 25 सितंबर 2019 को उसकी पत्नी अपने पति से विवाद की, जिसके बाद खुद पर केरोसीन डालकर माचिस जलाकर आत्महत्या करने की कोशिश की।
लेकिन, उसके पति ने उसे किसी तरह बचा लिया। इसके बाद पत्नी अपने माता-पिता के घर चली गई। इधर, पति के व्यवहार से तंग आकर पति ने न्यायालय में तलाक के लिए आवेदन प्रस्तुत किया। दोनों पक्षों को सुनने के बाद कोर्ट ने तलाक के आवेदन को मंजूर कर लिया।
पत्नी ने तलाक आदेश के खिलाफ हाईकोर्ट में की अपील
तलाक आदेश के खिलाफ महिला ने हाईकोर्ट में अपील की, जिसमें बताया कि उसका पति अब उसके साथ नहीं रहना चाहता, इसलिए उसने गलत और बेबुनियाद आरोप लगाया है। वो ससुराल छोड़कर नहीं गई है। जबकि, उसे ससुराल से पति ने निकाल दिया था।
उसे मायके ले जाकर छोड़ दिया और साथ रखने से मना कर दिया। दूसरी तरफ पति ने कहा कि उसका व्यवहार बदल गया था। जब उसने दरगाह जाने और धर्म बदलने से मना किया, तब पत्नी और ससुराल वाले मिलकर उसे मानसिक रूप से परेशान कर रहे थे।
हाईकोर्ट ने कहा- मेंटल क्रूरता को साबित करना मुश्किल
पति ने कहा कि उसकी पत्नी उसे मानसिक रूप से परेशान करने लगी थी। साथ ही बार-बार सुसाइड करने की धमकी देती थी। इस दौरान हाईकोर्ट ने कहा कि मेंटल क्रूरता एक मन की हालत और एहसास है, जो पति या पत्नी में से किसी एक के व्यवहार की वजह से होता है।
फिजिकल क्रूरता के मामले से अलग मेंटल क्रूरता को सीधे तौर पर साबित करना मुश्किल है। मेंटल क्रूरता के मामले में, गलत बर्ताव के एक मामले को अकेले लेना और फिर यह सवाल उठाना कि क्या ऐसा बर्ताव अपने आप में मेंटल क्रूरता पैदा करने के लिए काफ़ी है।
हाईकोर्ट बोला- ऐसी स्थिति में पति-पत्नी का साथ रहना संभव नहीं
हाईकोर्ट ने कहा कि इस तरह से व्यवहार करने और बार-बार सुसाइड करने की धमकी देने से कोई भी पति-पत्नी शांति से नहीं रह सकता। इस मामले में पति ने यह दिखाने के लिए काफी सबूत पेश किए हैं कि पत्नी बार-बार आत्महत्या करने की धमकी देती थी और एक बार तो अपने ऊपर कैरोसिन डालकर आत्महत्या करने की कोशिश भी की थी।
क्रूरता का मतलब है पति-पत्नी के साथ इतनी क्रूरता से पेश आना जिससे उसके मन में यह डर पैदा हो कि दूसरे पक्ष के साथ रहना उसके लिए नुकसानदायक होगा। पत्नी के काम इतने गंभीर हैं कि पति को दर्द, और तकलीफ़ हुई है, जो शादी के कानून में क्रूरता मानी जाएगी।
यह भी स्पष्ट है कि साल 2020 से पत्नी अपने पति से अलग रह रही है और पत्नी के व्यवहार को देखते हुए, पति के लिए किसी भी मेंटल प्रेशर के साथ उसके साथ रहना मुमकिन नहीं है। इसके साथ हाईकोर्ट ने पत्नी की तलाक की डिग्री के खिलाफ पेश अपील को खारिज कर दी है।
<
