Uncategorized

रायगढ़ में सूने मकान का ताला तोड़कर 8 लाख के जेवरात और 60 हजार कैश चोरी

रायगढ़ जिले के पुसौर थाना क्षेत्र के ग्राम कंवरिहा में सूने मकान का ताला तोड़कर अज्ञात चोरों ने करीब 8 लाख रुपए के जेवरात और 60 हजार रुपए कैश चोरी कर लिए। परिवार दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होने दूसरे गांव गया हुआ था, इसी दौरान चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक, ग्राम कंवरिहा निवासी लक्ष्मी प्रसाद पटेल (58) खेती-किसानी और कपड़ा सिलाई का काम करता है। वह अपनी पत्नी उर्मिला पटेल के साथ गांव में रहता है। 13 सितंबर की सुबह उसे जानकारी मिली कि उसके दामाद कृष्ण कुमार के दादा का निधन हो गया है।

इसके बाद पूरा परिवार घर में ताला लगाकर ग्राम पुरूंगा में दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होने चला गया। कार्यक्रम के दौरान लक्ष्मी प्रसाद की पत्नी उर्मिला पटेल की अचानक तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद उन्होंने धरमजयगढ़ में उसका इलाज कराया।

दशगात्र कार्यक्रम खत्म होने के बाद गुरुवार शाम परिवार वापस अपने घर लौटा। घर पहुंचने पर मेन गेट का ताला खोलकर अंदर गए तो अंदर के कमरे का दरवाजा टूटा मिला। दो अलग-अलग कमरों में रखी 5 अलमारियां खुली हुई थीं और सामान भी बिखरा पड़ा था।

अलमारियों में रखे सोने का हार, रानी हार, कर्णफूल, ब्रेसलेट, अंगूठी, लॉकेट और 60 हजार रुपए कैश गायब थे। चोरी गए जेवरात और नकदी की कुल कीमत करीब 8 लाख रुपए बताई गई है।

इसके बाद लक्ष्मी प्रसाद ने आसपास अपने स्तर पर तलाश की, लेकिन चोरों का पता नहीं चल सका। इसके बाद शनिवार को लक्ष्मी प्रसाद ने पुसौर थाने में मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई।

पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 305(a) और 331(4) BNS के तहत केस दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button