Uncategorized

बलौदाबाजार: शिक्षक पर छात्राओं से गाली-गलौज और मारपीट का आरोप, प्रिंसिपल ने छात्र को थप्पड़ मारा; प्रिंसिपल हटाई गईं

छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार में स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी माध्यम स्कूल के शिक्षक नरेश तिवारी पर छात्राओं से गाली-गलौज और मारपीट करने का आरोप लगा है। शिक्षक पर शराब के नशे में स्कूल पहुंचने का भी आरोप है। छात्रों ने जब शिक्षक के खिलाफ शिकायत करने की बात कही, तो उसने छात्रों को फेल करने की धमकी दी। इसके बाद बच्चे अपने परिजनों के साथ शिक्षक की शिकायत करने प्रिंसिपल के पास पहुंचे।

इसी दौरान कवरेज के लिए वहां पहुंचे मीडियाकर्मियों के साथ भी प्रिंसिपल का विवाद हो गया। प्रिंसिपल ने मीडियाकर्मियों को अपने केबिन से बाहर जाने के लिए कहा। इस दौरान एक छात्र प्रिंसिपल और मीडियाकर्मियों के बीच हो रही बातचीत का वीडियो बना रहा था। प्रिंसिपल ने छात्र को वीडियो बनाने से मना किया और कहा, ‘दिस इज माय ऑर्डर।’ छात्र के वीडियो बनाते रहने पर प्रिंसिपल ने उसे जोरदार तमाचा जड़ दिया।

मामला सामने आने के बाद कार्रवाई करते हुए प्रिंसिपल वंदनी श्रीवास्तव को पद से हटा दिया गया है। उनकी जगह सीनियर व्याख्याता निर्मला साहू को प्रभारी प्राचार्य की जिम्मेदारी दी गई है। इस मामले में शराब पीकर स्कूल आने वाले शिक्षक नरेश तिवारी पर भी कार्रवाई की तैयारी है। मेडिकल रिपोर्ट में अल्कोहल की मात्रा पाए जाने के बाद उनके निलंबन का प्रस्ताव शिक्षा संचालनालय को भेजा गया है।

शिक्षक नरेश तिवारी बलौदाबाजार के पंडित चक्रपाणी मल्टीपरपज स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी माध्यम स्कूल में व्याख्याता के पद पर पोस्टेड हैं। वे 11वीं और 12वीं के छात्रों को साइंस पढ़ाते हैं। आरोप है कि शिक्षक नरेश तिवारी एक सप्ताह पहले शराब के नशे में स्कूल पहुंचे और छात्राओं के साथ गाली-गलौज और बदसलूकी की। विरोध करने पर उनके साथ मारपीट करने का भी आरोप लगाया गया है।

इसकी शिकायत प्रिंसिपल वंदनी श्रीवास्तव से की गई। बताया गया कि प्रिंसिपल के केबिन में मीडियाकर्मियों और स्कूल प्रबंधन के बीच बातचीत चल रही थी। इसी दौरान एक छात्र इसका वीडियो बनाने लगा। प्रिंसिपल ने छात्र को वीडियो बनाने से मना किया और कहा, “दिस इज माय ऑर्डर।” आरोप है कि छात्र के वीडियो बनाते रहने पर प्रिंसिपल ने उसे जोरदार थप्पड़ मार दिया। इस घटना के बाद स्कूल में स्थिति और विवाद बढ़ गया।

छात्रों और परिजनों का आरोप है कि शिक्षक के व्यवहार से परेशान होकर वे उसकी शिकायत करने प्रिंसिपल के पास पहुंचे थे। छात्रों का कहना है कि शिकायत करने की बात कहने पर शिक्षक ने उन्हें फेल करने की धमकी दी थी। शिक्षक पर पहले भी शराब पीकर स्कूल आने के आरोप लगाए जाने की बात सामने आई है। जिला शिक्षा अधिकारी ने इस मामले में कार्रवाई की बात कही है।

मामले की शिकायत प्रशासन तक पहुंचने के बाद कलेक्टर के निर्देश पर प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी, विकासखंड शिक्षा अधिकारी और तहसीलदार स्कूल पहुंचे। अधिकारियों ने विद्यार्थियों, परिजनों, स्कूल प्रबंधन और संबंधित शिक्षक से घटना के बारे में जानकारी ली। अधिकारियों की जांच के बाद पुलिस शिक्षक नरेश तिवारी को मुलाहिजा के लिए अपने साथ ले गई।

मीडियाकर्मियों ने प्रिंसिपल पर बदसलूकी करने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि उन्हें केबिन से बाहर जाने के लिए कहा गया और स्कूल परिसर में मीडिया के प्रवेश पर रोक की बात कही गई। इस दौरान प्रिंसिपल और मीडियाकर्मियों के बीच तीखी बहस भी हुई। पत्रकारों का कहना है कि स्कूल परिसर में मीडिया के प्रवेश पर रोक से संबंधित कोई लिखित आदेश या नियम उन्हें मौके पर नहीं दिखाया गया। प्रिंसिपल के व्यवहार के विरोध में मीडियाकर्मी स्कूल के सामने धरने पर बैठ गए थे।

इससे जुड़ी यह खबर भी पढ़िए… हेडमास्टर ने पैंट उतारकर बच्चों के सामने किया पेशाब, VIDEO: छात्राओं से अश्लील हरकत की कोशिश, पेरेंट्स पहुंचे तो पहनने लगा कपड़े, थाने ले गई पुलिस। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में हेडमास्टर के बच्चों के सामने अश्लील हरकत करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि स्कूल समय के दौरान हेडमास्टर भुवनेश्वर कौशिक ने बच्चों के सामने पैंट उतारकर क्लास रूम में पेशाब किया। छात्राओं को अपने पास बुलाकर अश्लील हरकत करने की कोशिश की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button