Uncategorized

रविवि में इस सत्र से शुरू होगा पीजी डिप्लोमा इन चाइल्ड राइट्स, 15 सीटों पर मिलेगा एडमिशन

रायपुर के पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय (रविवि) में इस सत्र से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा इन चाइल्ड राइट्स (पीजीडीसीआर) शुरू किया जा रहा है। यह एक साल का कोर्स होगा, जिसमें दो सेमेस्टर होंगे। इसमें कुल 15 सीटों पर एडमिशन दिया जाएगा।

कोर्स का संचालन समाजशास्त्र-समाजकार्य अध्ययनशाला में होगा। इस कोर्स को रविवि के समाजशास्त्र-समाजकार्य अध्ययनशाला और बाल अधिकार संरक्षण आयोग के संयुक्त प्रयास से शुरू किया जा रहा है।

इसका मकसद छात्रों को बाल अधिकार, बाल सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य और बच्चों से जुड़े कानूनों की प्रैक्टिकल जानकारी देना है।

इस कोर्स में समाजशास्त्र, समाजकार्य, विधि और मनोविज्ञान से ग्रेजुएशन करने वाले छात्र एडमिशन ले सकेंगे। कोर्स क्रेडिट और सेमेस्टर सिस्टम पर आधारित होगा। पढ़ाई हिंदी और अंग्रेजी दोनों माध्यमों से होगी।

कोर्स में छात्रों को केवल क्लासरूम की पढ़ाई तक सीमित नहीं रखा जाएगा। उन्हें फील्ड वर्क भी कराया जाएगा, ताकि बाल अधिकार और संरक्षण से जुड़े काम की प्रैक्टिकल समझ मिल सके। बाल अधिकार संरक्षण आयोग की ओर से छात्रों के लिए इंटर्नशिप, ट्रेनिंग और प्लेसमेंट में भी सहयोग किया जाएगा।

इस डिप्लोमा के जरिए छात्र बाल संरक्षण, बाल कल्याण, शिक्षा, स्वास्थ्य और बच्चों से जुड़े सामाजिक-कानूनी मामलों में काम करने के लिए जरूरी स्किल हासिल कर सकेंगे। इससे उन्हें बाल संरक्षण के क्षेत्र में करियर बनाने में मदद मिलेगी।

विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सच्चिदानंद शुक्ल ने कोर्स को छात्रों के लिए उपयोगी और रोजगारपरक बताया है।

इस सत्र से शुरू हो रहे एक वर्षीय पीजीडीसीआर में प्रवेश से जुड़ी जानकारी समाजशास्त्र एवं समाजकार्य अध्ययनशाला, कला भवन से प्राप्त की जा सकती है। प्रवेश की जानकारी विश्वविद्यालय की वेबसाइट prsu.ac.in पर भी उपलब्ध होगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button