सट्टा कारोबारी दीप सिन्हा उर्फ आयुष सिन्हा म्यूल बैंक अकाउंट मामले में गिरफ्तार


सरगुजा में लंबे समय से सट्टे का कारोबार चलाने वाले दीप सिन्हा उर्फ आयुष सिन्हा को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इस बार पुलिस ने उसके खिलाफ म्यूल बैंक अकाउंट के मामले में कार्रवाई की है। यह मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।
पुलिस के मुताबिक, दीप सिन्हा को पहले भी सट्टा चलाने के मामले में गिरफ्तार किया जा चुका है। जानकारी के मुताबिक, दीप सिन्हा उर्फ आयुष सिन्हा लंबे समय से सरगुजा सहित अन्य जिलों में सट्टा का कारोबार चला रहा था। पुलिस ने उसे सट्टा गिरोह पर कार्रवाई के दौरान गिरफ्तार किया था। वह कई माह तक जेल में रहा। फिलहाल वह जमानत पर बाहर था।
म्यूल अकाउंट संचालित करने के आरोप में गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने दीप सिन्हा के खिलाफ जांच आगे बढ़ाई। सट्टा मामले में पहले जब्त किए गए बैंक पासबुक और एटीएम की जांच की गई। इसके साथ ही खाताधारकों से भी पूछताछ की गई।
पूछताछ में पता चला कि कुछ लोगों के नाम पर फर्जी तरीके से बैंक खाते खुलवाए गए थे। जांच में सामने आया कि बैंक ऑफ महाराष्ट्र में सूरज यादव निवासी सत्तीपारा, अंबिकापुर के नाम से एक बैंक खाता चल रहा था। पुलिस के मुताबिक, यह खाता फर्जी सिम कार्ड के जरिए धोखाधड़ी से खुलवाया गया था। शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज किया था।
इस मामले में पहले सूरज यादव, मुकेश त्रिपाठी और अमित मिश्रा उर्फ पहलू को गिरफ्तार किया जा चुका है। पूछताछ में पता चला कि आरोपियों ने आम लोगों को निजी काम का झांसा देकर उनके बैंक खाते, एटीएम, चेकबुक और सिम कार्ड हासिल किए थे। इसके बाद इन्हें कमीशन लेकर ऑनलाइन क्रिकेट सट्टेबाजी और वित्तीय धोखाधड़ी के लिए इस्तेमाल करने के लिए उपलब्ध कराया गया था।
पुलिस ने दीप सिन्हा उर्फ आयुष सिन्हा (32) को भी गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ पहले से दर्ज मामले में धारा 419, 420, 238, 61(2) और 111(2) के तहत कार्रवाई की गई है।
थाना प्रभारी अखिलेश सिंह ने बताया कि आयुष सिन्हा उर्फ दीप सिन्हा को कोर्ट में पेश कर दिया गया है।




