बेमेतरा जेल में 94 बंदियों को बहनों ने बांधी राखी:296 परिजनों ने की मुलाकात, भावुक हुए कई भाई-बहन, दोपहर 2 बजे तक चला मिलन

![]()
रक्षाबंधन के मौके पर बेमेतरा जिला जेल में भाई-बहनों की मुलाकात का आयोजन हुआ। इस दौरान 94 बंदियों को उनकी बहनों ने राखी बांधी। कुल 296 परिजन जेल पहुंचे और अपने परिवार के सदस्यों से मुलाकात की। लंबे समय बाद अपनों से मिलने पर कई भाई-बहन भावुक हो गए। जेल प्रशासन के अनुसार मुलाकात करने वालों में मां, बहन, बेटी और अन्य रिश्तेदार शामिल थे। मुलाकात के दौरान बहनों ने भाइयों की कलाई पर राखी बांधी और मिठाई खिलाकर रक्षाबंधन मनाया। कई भाई-बहन एक-दूसरे को देखकर भावुक हो गए। एक साल बाद भाई से मिलने पहुंचीं आशा धमतरी से अपने भाई और दादा को राखी बांधने पहुंची आशा मार्कंडेय ने बताया कि वह करीब एक साल बाद उनसे मिलने आई हैं। उन्होंने कहा कि घर पर परिवार के साथ रक्षाबंधन मनाने जैसा माहौल यहां नहीं है, लेकिन भाई से मिलकर उसे राखी बांधने की खुशी अलग है। आशा कार से लंबा सफर तय कर बेमेतरा पहुंची थीं। पर्ची और जांच के बाद मिली एंट्री जेल में मुलाकात के लिए पहुंचे सभी परिजनों को पहले पर्ची बनवानी पड़ी। इसके बाद सुरक्षा जांच पूरी होने पर उन्हें निर्धारित स्थान पर बंदियों से मिलने की अनुमति दी गई। जेल परिसर में सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए थे। महिला कॉन्स्टेबल भी रहीं तैनात जेल के बाहर पुलिस जवानों की तैनाती की गई थी। वहीं मुलाकात स्थल पर पुरुष जवानों के साथ महिला कॉन्स्टेबल भी मौजूद रहीं। पूरी मुलाकात के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया गया। सुबह 8:30 से दोपहर 2 बजे तक मिली मुलाकात की अनुमति जिला जेल बेमेतरा के जेलर राहुल पांडे ने बताया कि जेल मुख्यालय से मिले निर्देशों के अनुसार रक्षाबंधन पर सुबह 8:30 बजे से दोपहर 2 बजे तक बहनों को बंदियों से मिलने और राखी बांधने की अनुमति दी गई थी। बहनों को बंदियों के लिए 100 ग्राम तक मिठाई लाने की अनुमति भी दी गई थी। जेल प्रशासन ने रक्षाबंधन के मौके पर सभी बहनों को शुभकामनाएं दीं।
Source link




