![]()
बलरामपुर जिले के रामानुजगंज में सूर्य उपासना का महापर्व छठ पूजा नहाय-खाय के साथ शुरू होगा। चार दिवसीय इस व्रत के लिए नगर में उत्साह का माहौल है। दशकों से यह पर्व यहां भव्यता के साथ मनाया जाता रहा है।
.
नगर पालिका और अलग-अलग छठ पूजन समितियां तैयारियों में जुटी हैं। नगर पालिका ने कन्हर नदी पर अस्थायी पुल का निर्माण पूरा कर लिया है, जिससे श्रद्धालुओं को घाटों तक पहुंचने में सुविधा होगी।
राम मंदिर घाट और शिव मंदिर घाट इस साल भी मुख्य आकर्षण रहेंगे। यहां सात घोड़ों पर सवार सूर्य भगवान की भव्य मूर्ति स्थापित की जा रही है। इस बार कन्हर नदी के दोनों किनारों पर रामानुजगंज (छत्तीसगढ़) और गोदरमाना (झारखंड) के श्रद्धालु एक साथ अर्घ्य देंगे, जो पर्व की अनूठी छटा होगी।
शाम और सुबह होगी गंगा आरती
नवयुवक दुर्गा पूजा संघ के आलोक गुप्ता ने बताया कि छठ व्रत के दौरान शाम और सुबह गंगा आरती का भव्य आयोजन किया जाएगा। घाटों पर लाइटिंग, सजावट और सफाई की विशेष व्यवस्था की जा रही है, ताकि श्रद्धालुओं को कोई असुविधा न हो।
स्वच्छता और सुरक्षा की विशेष व्यवस्था
नगर पालिका अध्यक्ष रमन अग्रवाल ने जानकारी दी कि नगर में विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है। सभी छठ घाटों पर स्वच्छता और सुरक्षा की विशेष व्यवस्था की गई है। उन्होंने बताया कि तैयारियां अंतिम चरण में हैं ताकि श्रद्धालु बिना किसी बाधा के सूर्य उपासना कर सकें।
यह पर्व धार्मिक आस्था, परंपरा और सामाजिक एकता का प्रतीक है। रामानुजगंज में छठ पर्व देखने के लिए बड़ी संख्या में दूसरे राज्यों से भी लोग पहुंच रहे हैं।
<
