![]()
बलौदाबाजार जिला प्रशासन ने गुरुवार को 10वीं और 12वीं के मेधावी छात्रों का सम्मान किया। इस अवसर पर कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने 11 होनहार विद्यार्थियों को पौधा और मोमेंटो देकर प्रोत्साहित किया। उन्होंने छात्रों से बातचीत करते हुए ‘खरगोश और कछुआ’ की कहानी के माध्यम से जीवन की सीख दी और कड़ी मेहनत से लक्ष्य प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया। कलेक्टर शर्मा ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि यह उनकी कड़ी मेहनत का ही परिणाम है कि वे आज यहां मौजूद हैं। उन्होंने जोर दिया कि स्टेट टॉपर बनना न केवल छात्रों और उनके परिवार के लिए गौरव की बात है, बल्कि यह पूरे जिले और राज्य का मान बढ़ाता है। कलेक्टर ने विद्यार्थियों को बड़े सपने देखने की दी प्रेरणा बातचीत के दौरान कलेक्टर ने विद्यार्थियों से हमेशा बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने में कोई कसर न छोड़ने का आग्रह किया। उन्होंने ‘खरगोश और कछुआ’ की कहानी का जिक्र करते हुए बताया कि यह हमें ऊर्जा, उत्साह, जुनून और शिथिलता का आभास कराती है। कलेक्टर ने कहा कि छात्रों की कड़ी मेहनत ही उनके हौसलों को मजबूत करेगी। उन्होंने अगले 5-7 वर्षों की यात्रा को संघर्ष और चुनौतियों से भरा बताते हुए परिवार का मार्गदर्शन लेते रहने की सलाह दी। स्टेट टॉपर ने शेयर की सक्सेस स्टोरी इस सम्मान समारोह में 12वीं के स्टेट टॉपर जिज्ञासु वर्मा (98.60%) ने अपनी सफलता की कहानी साझा की। उनके अलावा, नितेश कुमार देवांगन (राज्य में 9वां स्थान), रूपेश कुमार साहू, सूर्यप्रकाश, गौरी त्रिवेदी, अनिशा साहू, लक्की चौधरी और 10वीं की टॉपर ईशा सोनवानी सहित कुल 11 मेधावी छात्रों ने अपने अनुभव बताए। जिला शिक्षा अधिकारी ने जानकारी दी कि जिले में 10वीं का परिणाम 75.53% और 12वीं का परिणाम 78% रहा। इस कार्यक्रम में सीईओ जिला पंचायत दिव्या अग्रवाल, डीईओ डॉ. संजय गुहे, डीएमसी नरेंद्र वर्मा के साथ-साथ मेधावी छात्र और उनके अभिभावक भी उपस्थित थे।
<
