Uncategorized

पीएम मोदी के सेवाकाल के 25 साल पूरे:CG में 7 अक्टूबर को हर विधानसभा में यात्रा, ब्लॉक-स्तर पर बनेगी केंद्र की योजनाओं वाली रंगोली

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवाकाल के 25 साल पूरे होने पर भाजपा छत्तीसगढ़ में 7 अक्टूबर को विशेष कार्यक्रम करेगी। इसके तहत प्रदेश की हर विधानसभा में सेवा ज्योति यात्रा निकाली जाएगी। इसमें CM विष्णुदेव साय, मंत्री, विधायक और सांसद अपने-अपने क्षेत्रों में शामिल होंगे। यात्रा के बाद लोगों को विकसित भारत का संकल्प भी दिलाया जाएगा। भाजपा प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में सोमवार को कृषि मंत्री रामविचार नेताम और पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेश मूणत ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अभियान की जानकारी दी। नेताम ने कहा कि, मोदी के CM और PM के रूप में सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे हो रहे हैं। भाजपा इसे सेवा संकल्प अभियान के रूप में मना रही है। इसके तहत पूरे देश में एक महीने तक अलग-अलग कार्यक्रम होंगे। हर विधानसभा में निकलेगी सेवा ज्योति यात्रा 7 अक्टूबर को प्रदेश की सभी विधानसभा सीटों में सेवा ज्योति यात्रा निकाली जाएगी। इसके लिए हर विधानसभा में किसी बड़े शहर या प्रमुख स्थान को केंद्र बनाया जाएगा। यात्रा में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों के साथ आम लोगों को भी जोड़ा जाएगा। भाजपा नेताओं के मुताबिक, यात्रा के बाद विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया जाएगा। जिला स्तर पर भी सेवा ज्योति कलश यात्रा शुरू की जाएगी। हर ब्लॉक में बनेगी बड़ी रंगोली अभियान के तहत 7 अक्टूबर को प्रदेश के हर ब्लॉक में बड़ी रंगोली भी बनाई जाएगी। इसमें केंद्र सरकार की योजनाओं और विकास से जुड़े कामों को दिखाया जाएगा। यानी रंगोली के जरिए लोगों को यह बताया जाएगा कि, पिछले वर्षों में केंद्र की योजनाओं से किन क्षेत्रों में काम हुआ है। राजधानी रायपुर में 4 विधानसभा क्षेत्र हैं, इसलिए यहां बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के भी शामिल होने की बात भाजपा ने कही है। पीएम मोदी के नाम होगा संबोधन रामविचार नेताम ने कहा कि, 7 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के देश के नाम संबोधन का कार्यक्रम भी होगा। भाजपा इस दिन को विशेष दिवस के तौर पर मना रही है। उन्होंने कहा कि 2014 में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र में सरकार बनने के बाद अलग-अलग क्षेत्रों में काम हुए हैं। किसानों से लेकर दूसरे सेक्टर तक सरकार की योजनाओं का असर दिखाई दे रहा है और वैश्विक स्तर पर भी भारत का सम्मान बढ़ा है। धान खरीदी से पहले गिरदावरी की होगी मॉनिटरिंग धान खरीदी से पहले गिरदावरी को लेकर उठ रहे सवालों पर कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि इसमें किसी तरह की दिक्कत नहीं होगी। विभाग इसकी लगातार मॉनिटरिंग कर रहा है। धान खरीदी को लेकर अधिकारी भी समीक्षा कर रहे हैं और समय-समय पर इसकी स्थिति देखी जा रही है। SIR पर बोले- कांग्रेस के कहने से काम नहीं होगा SIR को लेकर कांग्रेस के सवाल उठाने पर नेताम ने कहा कि सरकार कांग्रेस के कहने के हिसाब से काम नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि शासन जो निर्देश देगा, उसी के अनुसार काम होगा। युवा कांग्रेस चुनाव पर बोले- कांग्रेस में छेद ही छेद युवा कांग्रेस के चुनाव को लेकर कांग्रेस के भीतर उठ रहे सवालों पर भी नेताम ने निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में अंदरूनी विवाद की स्थिति है। उनके शब्दों में, “कांग्रेस में छेद ही छेद है और जूतम-पैजार की स्थिति है।” नेताम ने कहा कि कांग्रेस में पहले भी नेता एक-दूसरे के कपड़े फाड़ते थे और अभी भी यही स्थिति बनी हुई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button