![]()
रायपुर में पेट्रोल पंप पर चोरी और लूट के आरोपी गिरफ्तार
रायपुर में पेट्रोल पंप पर चोरी और लूट की दो अलग-अलग घटनाओं में पुलिस ने एक नाबालिग समेत कुल 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी और लूट के मोबाइल फोन, कैश, 2 दोपहिया वाहन जब्त की है, जिनकी कुल कीमत करीब 1.50 लाख रुपये है।
.
इन बदमाशों ने आरती फ्यूल्स KSK और मां शीतला फ्यूल्स पेट्रोल पंप को निशाना बनाया था। यह मामला मुजगहन थाना क्षेत्र का है।
पहला मामला: आरती फ्यूल्स पेट्रोल पंप से चोरी
लूट की पहली घटना पुराना धमतरी रोड पर स्थित पेट्रोल पंप पर हुई। अश्वनी त्रिवेन्द्र ने 23 अक्टूबर 2025 को मुजगहन थाने में लूट की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट के मुताबिक अश्वनी त्रिवेन्द्र का पुराना धमतरी रोड पर “आरती फ्यूल्स KSK” नाम से पेट्रोल पंप है। 22-23 अक्टूबर 2025 की रात अश्वनी पेट्रोल पंप पर अकेले थे। उन्होंने ऑफिस का दरवाजा बंद कर सो गए, लेकिन पंप के मेन लॉक को बंद नहीं किया था।
सुबह जब उन्होंने ऑफिस देखा तो चिल्लर का डिब्बा गायब था। इसके बाद उन्होंने सीसीटीवी फुटेज चेक किया, जिसमें तड़के 4:19 बजे दो लड़के बाइक से आते दिखे। वे खुद ही पेट्रोल भरकर चले गए। कुछ देर बाद फिर दो लड़के बाइक से आए। वे पंप चालू करने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन पंप चालू नहीं हुआ।
इसी दौरान उनमें से एक लड़का ऑफिस का दरवाजा खोलकर अंदर गया और खिड़की के पास रखी टाइटन घड़ी, दो डिब्बों में रखी चिल्लर रकम, 40 लीटर पेट्रोल, तीन मोबाइल फोन और एक पर्स जिसमें क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस और वोटर ID चोरी कर ले गया। इसके बाद अश्वनी ने पुलिस स्टेशन में मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई।
दूसरा मामला: मां शीतला फ्यूल्स में लूट
दूसरी घटना मां शीतला फ्यूल्स पेट्रोल पंप पर हुई। पीड़ित जयप्रकाश निषाद ने मुजगहन थाने में शिकायत दी कि वह मां शीतला फ्यूल्स पेट्रोल पंप में सेल्समैन का काम करता है। 1 दिसंबर 2025 की रात करीब 11:15 बजे बिना नंबर की काली एक्टिवा पर चार लड़के पेट्रोल भरवाने के बहाने पंप पर आए।
इनमें से दो लड़के केबिन के अंदर घुस गए। जब जयप्रकाश ने उन्हें बाहर जाने के लिए कहा, तो उन्होंने अपने पास रखे चाकू निकाल लिए और सेल्समैन को जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद दोनों लड़के उसका मोबाइल फोन, पेट्रोल-डीजल की बिक्री की रकम और सेल्समैन का निजी पैसा लूट लिया।
इस दौरान सेल्समैन ने केबिन का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया, लेकिन अंदर दोनों लड़कों ने दरवाजे का शीशा तोड़ दिया और चारों आरोपी वहां से भाग गए। इसके बाद सेल्समैन की शिकायत पर मुजगहन थाने में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया।
एंटी क्राइम और साइबर यूनिट की बड़ी कार्रवाई
घटना के बाद मुजगहन थाने की पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई। पुलिस ने घटनास्थल के CCTV फुटेज खंगाले, दोपहिया वाहनों के नंबरों की तलाश की। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से आरोपियों का सुराग मिला।
दो लूट में नाबालिग समेत 5 आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने कुणाल साहू (19), टोमन उर्फ मोनू साहू (19), विनोद निषाद (19) अनिमेष राठौर उर्फ अंशु (20) और एक नाबालिग को गिरफ्तार किया। इनके पास से 9000 रुपये नकद, घटना में इस्तेमाल की गई एक्टिवा और चाकू बरामद किया गया।
आरोपी विनोद निषाद पहले भी चोरी के मामले में जेल जा चुका है। पुलिस ने कुल 1.50 लाख रुपये कीमत का चोरी और लूट का सामान और दोपहिया वाहन जब्त किया है। सभी आरोपियों के खिलाफ मुजगहन थाने में अलग-अलग धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
<
