![]()
छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में बहुचर्चित PACL चिटफंड घोटाले से जुड़े मामले में पुलिस ने दो और डायरेक्टरों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के बाद मामले में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या बढ़कर आठ हो गई है।
.
पुलिस का कहना है कि निवेशकों के साथ हुई करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी के सभी पहलुओं की जांच जारी है। डीआईजी एवं एसएसपी प्रशांत कुमार ठाकुर के निर्देश पर जिले में लंबित चिटफंड मामलों के निराकरण और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
विशेष अभियान के तहत हुई कार्रवाई
इसी अभियान के तहत थाना सूरजपुर पुलिस ने अपराध क्रमांक 182/2016 में कार्रवाई करते हुए PACL कंपनी के दो डायरेक्टरों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गुरजंट सिंह गिल उर्फ गुरजन सिंह (82), निवासी मोहाली (पंजाब) और गुरूनाम सिंह (77), निवासी रूपनगर (रोपड़), पंजाब के रूप में हुई है।
दोगुना पैसा देने का लालच देकर की ठगी
पुलिस जांच में सामने आया है कि PACL कंपनी के डायरेक्टरों ने निवेशकों को उनकी जमा राशि दोगुनी करने का लालच देकर बड़ी संख्या में निवेश कराया था। लेकिन मैच्योरिटी अवधि पूरी होने के बाद भी निवेशकों की रकम वापस नहीं की गई। इससे हजारों निवेशकों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।
कवर्धा जेल से लाए गए आरोपी
विवेचना के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि दोनों आरोपी पहले से ही कवर्धा जिला जेल में बंद हैं। इसके बाद सूरजपुर पुलिस ने न्यायालय से प्रोडक्शन वारंट प्राप्त कर दोनों को सूरजपुर लाया और पूछताछ की।
पूछताछ में आरोपियों ने अन्य डायरेक्टरों के साथ मिलकर निवेशकों से धन संग्रह करने और कंपनी के माध्यम से निवेश योजनाएं संचालित करने की बात स्वीकार की।
पहले 6 डायरेक्टर भी हो चुके हैं गिरफ्तार
पुलिस इससे पहले PACL कंपनी के 6 अन्य डायरेक्टरों निर्मल सिंह भंगू, त्रिलोचन सिंह, सुखदेव सिंह, जोगेन्दर टाइगर, गुरमीत सिंह और सुब्रत भट्टाचार्य को गिरफ्तार कर चुकी है।
दो और गिरफ्तारियों के बाद इस मामले में अब तक कुल आठ आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
निवेशकों को न्याय दिलाने पर फोकस
सूरजपुर पुलिस का कहना है कि चिटफंड कंपनियों द्वारा ठगे गए निवेशकों को न्याय दिलाने और फरार आरोपियों को कानून के दायरे में लाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस अन्य संबंधित मामलों की भी जांच कर रही है और जरूरत पड़ने पर आगे भी गिरफ्तारी की कार्रवाई की जाएगी।
<
