![]()
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही कलेक्टर डॉ. संतोष देवांगन के निर्देश पर जिला खनिज उड़नदस्ता दल ने विभिन्न क्षेत्रों में छापेमारी कर अवैध मुरुम उत्खनन और रेत परिवहन में संलिप्त कुल 9 वाहनों को जब्त किया है। सभी वाहनों के खिलाफ खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। खनिज विभाग की टीम ने सिवनी और मरवाही क्षेत्र में निरीक्षण के दौरान अवैध मुरुम उत्खनन करते हुए 2 जेसीबी मशीन और 3 ट्रैक्टर वाहनों को पकड़ा। जांच के दौरान आवश्यक दस्तावेज नहीं मिलने पर सभी वाहनों को जब्त कर संबंधित थानों में सुरक्षित रखा गया। अवैध रेत परिवहन पर भी कार्रवाई इसी अभियान के तहत मरवाही, कोलबीरा और कोटमी क्षेत्रों में अवैध रूप से रेत का परिवहन करते पाए जाने पर 4 ट्रैक्टर वाहनों को भी जब्त किया गया। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि इन वाहनों के पास वैध परिवहन दस्तावेज नहीं थे। जुर्माना जमा होने के बाद ही मिलेगी रिहाई खनिज विभाग ने स्पष्ट किया है कि जब्त किए गए वाहनों के खिलाफ नियमानुसार प्रकरण दर्ज किए गए हैं। वाहन मालिकों को निर्धारित अर्थदंड जमा करना होगा, जिसके बाद ही वाहनों को छोड़ा जाएगा। उड़नदस्ता दल की रही अहम भूमिका इस कार्रवाई में सहायक खनि अधिकारी आदित्य मानकर, खनि निरीक्षक सुजीत कंवर, खनिज सिपाही शिवकुमार लहरे, नगर सैनिक सतीश साहू और साहिब गनी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। अवैध खनन पर जारी रहेगी सख्ती कलेक्टर डॉ. संतोष देवांगन ने खनिज विभाग को निर्देश दिए हैं कि जिले में अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर लगातार निगरानी रखी जाए। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक संसाधनों की अवैध लूट को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
<
