छत्तीसगढ़ शासन के खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा बस्तर संभाग में बस्तर ओलंपिक खेलों का आयोजन किया जा रहा है। ये खेल 25 अक्टूबर से 15 नवंबर तक विभिन्न चरणों में संपन्न होंगे। ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिताएं 25 अक्टूबर से 5 नवंबर तक आयोजित की जा रही हैं,
.
इन खेलों में व्यक्तिगत स्पर्धाओं में तीरंदाजी, बैडमिंटन, वेटलिफ्टिंग और कराटे शामिल हैं। वहीं, टीम खेलों में फुटबॉल, हॉकी, कबड्डी, खो-खो और वॉलीबॉल को शामिल किया गया है।

इसी क्रम में, चारामा विकासखंड मुख्यालय के शहीद वीर नारायण सिंह स्टेडियम में बस्तर ओलंपिक 2025 का आयोजन 29 अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक किया जा रहा है। इसमें 14 से 17 वर्ष आयु वर्ग के बालक-बालिकाएं (जूनियर वर्ग) और 17 वर्ष से अधिक आयु के महिला-पुरुष (सीनियर वर्ग) अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

शहीद वीर नारायण स्टेडियम, चारामा में बस्तर ओलंपिक 2025 का शुभारंभ जिला पंचायत कांकेर की अध्यक्ष किरण नरेटी ने किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि खेल व्यक्ति के शारीरिक, मानसिक और बौद्धिक विकास में सहायक होते हैं। छत्तीसगढ़ सरकार का उद्देश्य बस्तर क्षेत्र के लोगों तक विभिन्न योजनाओं को पहुंचाना और उन्हें सीधे जोड़ना है, जिसके लिए पूरे संभाग में बस्तर ओलंपिक का आयोजन किया जा रहा है।
29 अक्टूबर को आयोजित प्रतियोगिताओं में जूनियर वर्ग के लिए 100 मीटर, 200 मीटर, 400 मीटर दौड़, कबड्डी, ऊंची कूद, लंबी कूद और वॉलीबॉल जैसे खेल संपन्न कराए गए।

<
