NH-53 Highway Patrolling Rescue Operation

राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर सड़क हादसों में घायलों को समय पर अस्पताल पहुंचाने और यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए हाईवे पेट्रोलिंग लगातार सक्रिय है।
.
जनवरी से जून 2026 तक हाईवे पेट्रोलिंग टीम ने 55 सड़क दुर्घटनाओं में तत्काल कार्रवाई करते हुए 52 घायलों को समय पर अस्पताल पहुंचाया। पुलिस के मुताबिक, त्वरित राहत और चिकित्सा सहायता मिलने से कई लोगों की जान बचाने में मदद मिली।

घायलों को अस्पताल पहुंचाते हुए हाईवे पेट्रोलिंग की टीम।
हाईवे पेट्रोलिंग टीम को अफसरों ने सौंपे ये काम
डीसीपी ट्रैफिक डॉ. अर्चना झा के निर्देशन में हाईवे पेट्रोलिंग टीम दुर्घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचती है।
यहां घायलों को प्राथमिक सहायता देने के बाद उन्हें अस्पताल पहुंचाया जाता है। इसके साथ ही दुर्घटना स्थल पर यातायात को सामान्य करने और सड़क पर मौजूद बाधाओं को हटाने का काम भी किया जाता है।

सड़क हादसे में घायल हुए व्यक्ति की मदद करते हुए हाईवे पेट्रोलिंग की टीम।
अवैध पार्किंग के 6,359 वाहन हटाए
हाईवे पेट्रोलिंग ने सड़क सुरक्षा और यातायात प्रबंधन के तहत जून तक 6,359 अवैध पार्किंग वाले वाहनों को हटाया।
इसके अलावा सड़क पर घूम रहे 833 मवेशियों को सुरक्षित हटाया गया। जाम की स्थिति बनने पर टीम ने मौके पर पहुंचकर यातायात को सुचारु कराया।
4 नए आधुनिक पेट्रोल वाहन मिले
सड़क सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए जून में पुलिस मुख्यालय ने यातायात पुलिस रायपुर को 4 नए आधुनिक हाईवे पेट्रोल वाहन उपलब्ध कराए हैं।
इनमें आवश्यक आपातकालीन उपकरण मौजूद हैं। इससे हादसों की सूचना पर घटनास्थल तक पहुंचने और राहत-बचाव कार्य करने की क्षमता बढ़ी है।

NH-53 को 4 सेक्टरों में बांटा अफसरों ने।
NH-53 को 4 सेक्टर में बांटा
खारुन नदी पुल से महानदी पुल तक NH-53 को चार सेक्टरों में बांटकर 24 घंटे निगरानी की जा रही है।
पेट्रोलिंग टीम दुर्घटना रोकने, यातायात प्रबंधन और आपात सहायता के लिए लगातार गश्त करती है।
पुलिस ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और किसी भी आपात स्थिति में हाईवे पेट्रोलिंग टीम को तत्काल सूचना देने की अपील की है।




