![]()
जशपुर पुलिस ने फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन अंकुश’ के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के नेतृत्व में कांसाबेल थाना क्षेत्र से वर्ष 2023 के मोटरसाइकिल चोरी मामले में दो साल से फरार आरोपी रितिक कुमार पैं
.
यह मामला कांसाबेल थाना क्षेत्र में वर्ष 2023 में दर्ज किया गया था। प्रार्थी विक्की गुप्ता पेशे से पटवारी है और कांसाबेल की गंझू कॉलोनी में किराए के मकान में रहता है। उसने 27 जुलाई 2023 की रात अपनी यामाहा मोटरसाइकिल (क्रमांक OD-02-S-2211) घर के बाहर खड़ी की थी।
घर के बाहर से गायब हुई थी मोटरसाइकिल
सुबह उठने पर उन्हें मोटरसाइकिल गायब मिली। काफी खोजबीन के बाद भी जब वाहन का पता नहीं चला, तो उन्होंने चोरी की आशंका जताते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी।
जांच में दो आरोपियों को किया गिरफ्तार
प्रार्थी की शिकायत पर कांसाबेल थाने में भारतीय दंड संहिता की धारा 379 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान, पुलिस ने वर्ष 2023 में ही इस चोरी में शामिल दो आरोपियों, विशाल भगत (22 वर्ष, निवासी तपकरा बाधरकोना, जशपुर) और विनोद विश्वकर्मा (22 वर्ष, निवासी भागलपुर, जशपुर) को गिरफ्तार कर लिया था।
आरोपियों से बाइक बरामद
उनके पास से चोरी की गई यामाहा मोटरसाइकिल भी बरामद की गई थी। हालांकि, इस मामले का तीसरा आरोपी रितिक कुमार पैंकरा घटना के बाद से ही फरार था।
तीसरे आरोपी को घेरकर पकड़ा
पुलिस लगातार रितिक की तलाश कर रही थी। मुखबिर की सूचना और पुलिस की तकनीकी टीम की मदद से जानकारी मिली कि फरार आरोपी रितिक पैंकरा सिटी कोतवाली जशपुर क्षेत्र के बरटोली, भागलपुर स्थित अपने घर पर मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसके घर की घेराबंदी की और उसे हिरासत में ले लिया।
तीसरे आरोपी ने जुर्म कबूला
पुलिस पूछताछ में आरोपी रितिक कुमार पैंकरा (उम्र 21 वर्ष) ने अपना जुर्म स्वीकार करते हुए बताया कि वह 27 जुलाई 2023 को अपने साथियों के साथ चोरी की नीयत से कांसाबेल गया था। रात के समय उन्होंने एक घर के सामने खड़ी मोटरसाइकिल देखी, जिसका हैंडल तोड़कर वे उसे चोरी कर ले गए थे।
जुर्म स्वीकार करने और मामले में सबूत पाए जाने पर पुलिस ने आरोपी रितिक कुमार पैंकरा को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने बताया कि कांसाबेल क्षेत्र में दो साल पहले हुई मोटरसाइकिल चोरी के मामले में फरार आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि पुराने प्रकरणों में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए “ऑपरेशन अंकुश” लगातार जारी रहेगा और ऐसे अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
<
