.
एमसीबी जिले के मनेंद्रगढ़ में लापरवाह ट्रैक्टर चालक ने कार को टक्कर मार दी। इसमें सवार मां और बेटी दोनों घायल हो गए। वहीं कार का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया।
घटना 14 नवंबर शाम एनएच-43 पर स्वराज ट्रैक्टर शोरूम के पास हुई। मामले में ग्राम नागपुर एकतानगर हर्रा रोड निवासी सेवानिवृत्त प्रधानपाठक लल्लू लाल गुप्ता की शिकायत पर मनेंद्रगढ़ थाने में पुलिस ने ट्रैक्टर चालक पर केस दर्ज कर लिया है। लल्लू लाल की बेटी सुषमा, जो वर्ष 2014 से रीढ़ की हड्डी की गंभीर बीमारी से पीड़ित है और तीन बार ऑपरेशन के बावजूद दिव्यांग हो चुकी हैं, को इलाज के लिए मां सुमित्रा के साथ कार क्रमांक सीजी-16 सीएच-9515 से मनेंद्रगढ़ ले जाया जा रहा था। कार को चालक कार्तिक कुमार राय चला रहा था। इसी दौरान स्वराज ट्रैक्टर शोरूम की ओर से तेज और लापरवाही से आ रहे बिना नंबर के स्वराज ट्रैक्टर ने कार को टक्कर मार दी। दुर्घटना में सुमित्रा को दाहिने हाथ की कलाई, बाएं पैर की पिंडली, दाहिने गाल व दाढ़ी में चोट आई, जबकि सुषमा को अंदरूनी चोट आई हैं। कार का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। मौके पर मौजूद चालक ने अपना नाम विशाल पनिका निवासी ग्राम नेउरी बताया। ट्रैक्टर मालिक हरि प्रताप पनिका ने इलाज व कार मरम्मत का आश्वासन दिया था, लेकिन उसने अब तक कोई मदद नहीं की है।
<
