धमतरी में सड़क सुरक्षा को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से 100 से अधिक सड़क सुरक्षा मितानों की नियुक्ति की गई है। इन स्वयंसेवकों को प्राथमिक रिस्पॉन्स किट वितरित की गई, ताकि वे दुर्घटना पीड़ितों को ‘गोल्डन ऑवर’ में तत्काल सहायता प्रदान कर सकें।
.
धमतरी पुलिस यातायात ने रुद्री स्थित पुलिस कंपोजिट बिल्डिंग में ‘सड़क सुरक्षा–जीवन रक्षा’ अभियान के तहत एक कार्यक्रम आयोजित किया। इसमें सड़क सुरक्षा मितानों, जनता के स्वयंसेवी सदस्यों और यातायात स्टाफ ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान ‘राह-वीर योजना’ (पूर्ववर्ती गुड समेरिटन योजना) के तहत दुर्घटना पीड़ितों की सहायता, प्राथमिक उपचार और ‘गोल्डन ऑवर’ के महत्व पर विस्तृत जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने दुर्घटना स्थल पर सहायता, घायलों को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाने, रक्तस्राव नियंत्रित करने और संचार व्यवस्था के बारे में प्रशिक्षण दिया।

सड़क सुरक्षा मितान जीवन रक्षक- SP
एसपी सूरज सिंह परिहार ने जिले भर से आए सड़क सुरक्षा मितानों को संबोधित करते हुए उनकी भूमिका को अत्यंत आवश्यक और संवेदनशील बताया। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा मितान केवल स्वयंसेवक नहीं, बल्कि जीवन रक्षक हैं, और दुर्घटना पीड़ितों को समय पर सहायता पहुंचाना सबसे बड़ा मानवीय कार्य है।
एसपी ने कहा कि धमतरी पुलिस ऐसे सभी मितानों पर गर्व करती है और ‘राह-वीर योजना’ के तहत उन्हें प्रशिक्षण, सहयोग और सम्मान देने के लिए सदैव तत्पर है। कार्यक्रम में कई मितानों ने सड़क दुर्घटनाओं में सहायता संबंधी अपने अनुभव साझा किए, जिनमें लेखराम निर्मलकर का अनुभव विशेष रूप से प्रेरणादायक रहा।

<
