जांजगीर-चांपा कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक ली। इस दौरान उन्होंने धान खरीदी और मध्याह्न भोजन व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि इन दोनों ही मामलों में किसी भी प्रकार की
.
धान खरीदी को एक संवेदनशील कार्य बताते हुए कलेक्टर ने अधिकारियों को पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ काम करने को कहा। उन्होंने अवैध धान परिवहन और भंडारण पर लगातार कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए। सभी नोडल अधिकारियों और संबंधित अधिकारियों को धान खरीदी केंद्रों का नियमित निरीक्षण करने के लिए भी निर्देशित किया गया।
कलेक्टर ने किसान पंजीयन और ‘तुहर टोकन’ से संबंधित समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने पर जोर दिया, ताकि किसानों को कोई असुविधा न हो। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि शासन की ओर से प्रदान की गई 24×7 टोकन सुविधा का फायदा प्रत्येक पात्र किसान तक पहुंचे।

मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता की जांच के निर्देश
मध्याह्न भोजन व्यवस्था की समीक्षा करते हुए कलेक्टर महोबे ने कहा कि बच्चों की शिक्षा और स्वास्थ्य सर्वोपरि है। उन्होंने विद्यालयों का नियमित निरीक्षण करने और मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता की जांच करने के निर्देश दिए। इस मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
जांच दल नियुक्त करने का आदेश
कलेक्टर ने मध्याह्न भोजन व्यवस्था की सतत निगरानी के लिए जांच दल नियुक्त करने का आदेश दिया। उन्होंने सभी स्कूलों, आंगनबाड़ी केंद्रों और आदिवासी छात्रावासों में नियमित निरीक्षण सुनिश्चित करने को कहा। जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया गया कि प्रत्येक विद्यालय में मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता और निर्धारित मानकों का नियमित परीक्षण कराया जाए।

लापरवाही पाए जाने पर होगी कार्रवाई
किसी भी कमी की स्थिति में तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने यह भी कहा कि शासन के निर्देशानुसार भोजन परोसने से पहले शिक्षकों की ओर से उसे चखकर परीक्षण किया जाए और टेस्टिंग रजिस्टर में प्रतिदिन हस्ताक्षर कर प्रमाणित किया जाए। लापरवाही पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
<
