![]()
.
जनकपुर पुलिस ने ग्राम पंचायत लाखनटोला में रोड किनारे मिले एक युवक के शव के मामले में आरोपी पुरुषोत्तम बैगा को गिरफ्तार कर लिया है।
दरअसल, 29 सितंबर की सुबह लाखनटोला निवासी बृज कुमार यादव (39 वर्ष) पिता जगजीवन यादव की लाश सड़क किनारे मिली थी। पिता जगजीवन यादव ने पुलिस में केस दर्ज कराया। सूचना मिलते ही जनकपुर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने मौके पर एफएसएल टीम और डॉग स्क्वॉड को बुलाया। परिजन और ग्रामीणों से बातचीत कर साक्ष्य एकत्र किए गए, जिसके बाद पुलिस घटना के 24 घंटे के अंदर ही आरोपी को गिरफ्तार किया। 28 सितंबर को बृज कुमार, आरोपी पुरुषोत्तम बैगा, ननकू, बंटी, तीर्थ और राजेश ने तरतोरा बांध के किनारे मुर्गा खाने और शराब पीने का कार्यक्रम बनाया था।
खाना-पीना खत्म होने के बाद सभी अपने-अपने घर की ओर चल दिए। पुरुषोत्तम बैगा बाइक पर बृज कुमार को बिठाकर घर की ओर चला। रास्ते में पुरुषोत्तम ने बृज कुमार से अपने बाप-दादा की जमीन जबरन कब्जा करने की बात कही। इसी बात से नाराज होकर बृज कुमार यादव ने पुरुषोत्तम बैगा को गालियां देना शुरू कर दिया। गालियों से नाराज पुरुषोत्तम बैगा अपने घर के पास पहुंचकर रुका और बृज कुमार को घर जाने को कहा, लेकिन बृज कुमार लगातार गालियां देता रहा। आवेश में आकर पुरुषोत्तम अपने घर से टांगी लेकर आया और बृज कुमार पर तीन-चार वार कर दिए। वार इतना जोरदार था कि टांगी का बेंत टूटकर दूर जा गिरा।
हत्या करने के बाद, आरोपी पुरुषोत्तम ने बृज कुमार यादव के शव को घसीटकर सड़क के दूसरी तरफ लगभग 30 मीटर दूर ले गया। इसके बाद उसने अपनी बाइक को घर के परछी में खड़ा किया। घटना के समय पहने कपड़ों को कमरे में छुपाया और टूटे हुए टांगी के बेंत को दूसरे कमरे में छुपाकर वह जंगल की ओर भाग गया।
<
