![]()
सरगुजा में दूसरे की जमीन को दिखाकर युवक ने फर्जी एग्रीमेंट किया और SECL के रिटायर्ड अधिकारी से 79 लाख रुपये की ठगी कर ली। मामले में शिकायत पर पुलिस ने अपराध दर्ज किया था। पुलिस ने फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामला गांधीनगर थाना क्षेत्र का है।
.
जानकारी के अनुसार, रॉयल पार्क कॉलोनी में रहने वाली इंदु सिंह टाटा AIA में काम करती हैं। उनके पति अजीत कुमार सिंह साल 2020 में SECL भटगांव से रिटायर हुए हैं। इससे पहले इंदु सिंह और उनके पति अंबिकापुर के आसपास फार्म हाउस बनाने के लिए जमीन तलाश रहे थे।
टाटा AIA में लीडर के तौर पर काम करने वाले गणेश सिन्हा ने इंदु सिंह को बताया कि उनके छोटे भाई का दोस्त निकुंज गुप्ता (दत्ता कॉलोनी निवासी) जमीन खरीदने और बेचने का काम करता है। इसके बाद गणेश सिन्हा ने इंदु सिंह की निकुंज गुप्ता से बात कराई।
जमीन दिखा किश्तों में लिए रुपए
निकुंज ने साल 2017 में इंदु सिंह और उनके पति अजीत कुमार सिंह को रॉयल पार्क कॉलोनी के पीछे ले जाकर लगभग पौने दस डिसमिल अपनी जमीन बताकर दिखाई। उसने बताया कि यह जमीन अनिल अग्रवाल के नाम पर दर्ज है।
निकुंज ने यह भी कहा कि अनिल की बहन को कैंसर है और उसके इलाज के लिए जमीन बेचना है। उसने सौदा तय कराया और कहा कि जमीन का एग्रीमेंट उसके नाम से होगा। इसके बाद उसने एडवांस में रुपए मांगे। निकुंज ने कई किस्तों में पैसे लिए, और मार्च 2019 तक इंदु सिंह और उनके पति ने उसे कुल 17 लाख रुपये दे दिए।
जब उन्होंने रजिस्ट्री के लिए कहा तो निकुंज ने जमीन मालिक के बहन की तबीयत ज्यादा खराब होने का बहाना बनाया। उसने बताया कि टाइम आउट सिनेमा के सामने करीब 2 एकड़ 37 डिसमिल जमीन को 2 राजवाड़े भाई बेच रहे हैं। उसने जमीन दिखाकर एडवांस में रुपए मांगे।
फिर दूसरे की जमीन दिखाकर मांगा एडवांस
इंदु सिंह को झांसे में लेकर निकुंज लगातार रुपए लेता रहा। अप्रैल 2022 में निकुंज ने कहा कि जमीन मालिक को एक करोड़ रुपए देना होगा, नहीं तो जमीन वाले जमीन बेच देंगे और आपका पैसा डूब जाएगा।
पैसा डूबने के डर से इंदु सिंह ने अपने परिचितों से रुपये दिलवाए। इसके बाद से निकुंज ने फोन उठाना बंद कर दिया। इसके बाद इंदु सिंह ने निकुंज के खिलाफ थाने में शिकायत की।
शिकायत में इंदु सिंह ने बताया कि निकुंज ने उससे कुल 78 लाख 97 हजार की ठगी की है। रिपोर्ट पर गांधीनगर पुलिस ने धारा 420, 467, 468, 471 IPC के तहत अपराध दर्ज किया था।
घर लौटा तो पकड़ा गया आरोपी घटना के बाद से आरोपी लगातार फरार था। वह अपने घर लौटा तो पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर निकुंज गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया है। गांधीनगर थाना प्रभारी प्रदीप जायसवाल ने बताया कि आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
<
