रतनपुर में बाइक की आमने-सामने टक्कर, दो युवकों की मौत, दो गंभीर घायल


बिलासपुर जिले के रतनपुर थाना क्षेत्र में बाइक की टक्कर से दो युवकों की मौत हो गई, जबकि बाइक सवार दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम पुड़ु निवासी संजीव पैकरा (08) पिता संतोष पैकरा रविवार की शाम अपने दोस्त अमन के साथ बाइक पर सवार होकर किसी काम से निकला था। इस दौरान तेज बारिश भी हो रही थी। दोनों युवक गांव के बाहर पहुंचे थे, तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक से उनकी बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि संजीव पैकरा की मौके पर ही मौत हो गई। बाइक पर पीछे बैठे अमन को गंभीर चोटें आईं।
वहीं, दूसरी बाइक को चला रहे विशेष कुमार पैकरा (18) भी इस हादसे में गिर कर सड़क से दूर छिटक गया, जिससे उसके सिर में गंभीर चोटें आईं और उसकी भी मौके पर ही मौत हो गई। उसके साथ बाइक पर बैठे रमन सिंह पैकरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
इस हादसे के बाद गांव के लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। मृतकों के परिजन भी घटनास्थल पर पहुंचे। किसी ग्रामीण ने हादसे की सूचना डायल 112 को दी।
सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल, पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही मामले की जांच शुरू कर दी है।




