Uncategorized

PM ग्राम सड़क और जनमन योजना से जशपुर में बनेंगे 10 पुल, 33 करोड़ से ज्यादा की लागत

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में जशपुर जिले में ग्रामीण क्षेत्रों की सड़क कनेक्टिविटी को मजबूत करने और आवागमन की बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में एक और ऐतिहासिक पहल की गई है। जिले को 33 करोड़ 43 लाख रुपये की लागत से 10 वृहद पुलों के निर्माण की बड़ी सौगात मिली है। इन पुलों का निर्माण प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना और पीएम जनमन योजना के अंतर्गत किया जाएगा, जिससे जिले के दूरस्थ ग्रामीण और आदिवासी अंचलों में आवागमन की समस्या दूर होगी।

समाचार फोटो

इन पुलों के निर्माण से विशेषकर बारिश के दिनों में नालों में पानी भरने से बाधित होने वाले रास्तों से ग्रामीणों को बड़ी राहत मिलेगी। यह परियोजना फरसाबहार, कुनकुरी, पत्थलगांव और बगीचा जैसे क्षेत्रों के अनेक गांवों को सीधा लाभ पहुंचाएगी, जिससे ग्रामीणों को आवागमन के लिए लंबी दूरी तय करने की परेशानी से मुक्ति मिलेगी।

प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत जिले में 5 वृहद पुलों के निर्माण के लिए 15 करोड़ 60 लाख रुपये की स्वीकृति मिली है। इनमें फरसाबहार तहसील क्षेत्र के तेलाइन से महानटोली नाला में 3 करोड़ 4 लाख रुपये, कुनकुरी तहसील क्षेत्र के कपरी नाला रानीकॉम्बो से चाहतपारा मार्ग में 4 करोड़ 16 लाख रुपये, पत्थलगांव तहसील क्षेत्र के भर्रारी नाला पतराटोली पकरीपारा में 3 करोड़ 49 लाख रुपये, लुड़ेग-सुरंगपानी-बरपानी मार्ग में 2 करोड़ 72 लाख रुपये तथा खरकट्टा-पंडरीपारा में 2 करोड़ 19 लाख रुपये की लागत से पुलों का निर्माण किया जाएगा।

समाचार फोटो

वहीं, विशेष रूप से जनजातीय एवं दूरस्थ क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के उद्देश्य से संचालित पीएम जनमन योजना के तहत भी जिले को बड़ी सौगात मिली है। इस योजना के अंतर्गत 5 वृहद पुलों के निर्माण के लिए कुल 16 करोड़ 2 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है। इसके तहत बगीचा क्षेत्र के दनगरी से दरवाकोना मार्ग में 3 करोड़ 56 लाख रुपये, जबला से नवापारा मार्ग के नाला में 1 करोड़ 83 लाख रुपये, कामारीमा मंझाटोली से खपरीडीह मार्ग में 4 करोड़ 4 लाख रुपये, बगीचा-कांसाबेल मार्ग से जनकपुर नाला में 3 करोड़ 52 लाख रुपये तथा कुहापानी से बांसधर नाला में 3 करोड़ 7 लाख रुपये की लागत से वृहद पुलों का निर्माण किया जाएगा।

इन 10 वृहद पुलों के निर्माण से विद्यार्थियों को स्कूल-कॉलेज पहुंचने, मरीजों को अस्पताल जाने, किसानों को अपनी उपज बाजार तक पहुंचाने और आम नागरिकों को दैनिक आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी। यह परियोजना ग्रामीण अंचलों की तस्वीर बदलने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में जशपुर जिले में सड़क और पुल निर्माण के माध्यम से आधारभूत सुविधाओं का तेजी से विस्तार किया जा रहा है। जिले में अब तक कुल 31 वृहद पुलों के निर्माण के लिए लगभग 151 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिल चुकी है, जिनके निर्माण कार्य भी तेजी से कराए जा रहे हैं।

क्षेत्र के ग्रामीण लंबे समय से इन स्थानों पर पुल निर्माण की मांग कर रहे थे। अब दोनों योजनाओं के माध्यम से 10 वृहद पुलों की स्वीकृति मिलने से ग्रामीणों में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इन पुलों का निर्माण क्षेत्र के विकास में मील का पत्थर साबित होगा। जशपुर जिले के दूरस्थ गांवों तक विकास की सुविधाएं पहुंचाने का कार्य निरंतर जारी है, जिससे ग्रामीणों का जीवन सुगम होने के साथ ही जिले की विकास यात्रा को नई गति मिलेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button