![]()
उड़ती हुई चादरों से आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई
मुंगेली जिले के लोरमी में गुरुवार (11 जून ) शाम अचानक आए आंधी-तूफान और बारिश ने जमकर कहर बरपाया। तेज हवाओं के चलते शहर स्थित एक शराब दुकान का टीन शेड उड़ गया। घटना के समय दुकान के भीतर कर्मचारी और ग्राहक मौजूद थे। अचानक हुए इस हादसे से अफरा-तफरी मच ग
.
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, शाम के समय मौसम ने अचानक करवट ली और तेज आंधी के साथ बारिश शुरू हो गई। कुछ ही मिनटों में हवाओं का दबाव इतना बढ़ गया कि शराब दुकान का टीन शेड उखड़कर हवा में उड़ गया। उड़ती हुई टीन की चादरों को देखकर आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई।
दुकान में मौजूद कर्मचारी और ग्राहक सुरक्षित
घटना के समय दुकान के भीतर सेल्समैन सहित कई ग्राहक मौजूद थे। टीन शेड गिरने और उड़ने की आवाज के साथ ही वहां भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। राहत की बात यह रही कि कोई भी व्यक्ति घायल नहीं हुआ और बड़ा हादसा टल गया।
कई शराब की बोतलें टूटीं, हुआ आर्थिक नुकसान
आंधी के दौरान दुकान के अंदर रखी कई शराब की बोतलें भी टूट गईं। इससे दुकान संचालक को आर्थिक नुकसान हुआ है। कर्मचारियों ने बाद में क्षतिग्रस्त हिस्से को सुरक्षित करने का काम शुरू किया।
सुरक्षा के मद्देनजर कुछ समय के लिए बंद की गई दुकान
घटना के बाद बड़ी संख्या में लोग शराब दुकान के बाहर जमा हो गए। स्थिति को देखते हुए दुकान को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया। कर्मचारियों ने टूटे हुए हिस्सों को सुरक्षित करने का प्रयास किया ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो।
क्षेत्र में कई जगह हुआ नुकसान
स्थानीय लोगों के अनुसार, लोरमी और आसपास के क्षेत्रों में अचानक बदले मौसम के कारण तेज हवाओं और बारिश से कई स्थानों पर नुकसान पहुंचा है। वहीं, शराब दुकान को हुए नुकसान का भी आकलन किया जा रहा है।
<
