विद्युत खंभे में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई।
कोरबा के आरती नगर रेलवे लाइन के पास बुधवार देर रात एक विद्युत खंभे में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। देखते ही देखते खंभा और उस पर बंधे तार धू-धूकर जलने लगे, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल दमकल विभाग और विद्युत विभाग को सूचना दी।
.
सूचना मिलते ही विद्युत विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और सुरक्षा के लिए सबसे पहले विद्युत प्रवाह बंद किया। इसके बाद विभागीय कर्मियों और दमकल की मदद से करीब आधे घंटे में आग पर काबू पाया गया। आग लगने से तार जलकर टूट गए और सड़क पर गिर गए। सुरक्षा कारणों से आसपास के क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था कुछ समय के लिए बंद कर दी गई।

एक घंटे बाद बहाल हुई बिजली व्यवस्था
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विद्युत खंभे पर केबल, इंटरनेट और बिजली के तारों का मकड़जाल फैला हुआ था, जिसके कारण शॉर्ट सर्किट हुआ। विद्युत विभाग ने तुरंत मरम्मत कार्य शुरू किया और नए तार खींचकर आपूर्ति बहाल की। करीब एक घंटे बाद क्षेत्र में बिजली व्यवस्था सामान्य हो पाई।
मकड़जाल पर स्थानीय लोगों ने जताई नाराजगी
स्थानीय लोगों ने बताया कि खंभों पर तारों का जाल सालों से फैला है और कई शिकायतों के बावजूद सुधार नहीं हुआ है। विद्युत विभाग के अधिकारियों ने ओवरलोड और तारों की अव्यवस्था को आग का कारण बताया। उन्होंने क्षतिग्रस्त तारों को बदलने और भविष्य में ऐसी घटना रोकने के लिए तारों को व्यवस्थित करने का आश्वासन दिया।
<
