कोंडागांव के अनंतपुर थाना पुलिस ने ग्राम बड़े घोड़सोड़ा़ के साप्ताहिक बाजार में ‘चलित थाना’ लगाकर एक व्यापक जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान ग्रामीणों को महत्वपूर्ण कानूनी और सुरक्षा संबंधी जानकारी दी गई।
.
बाजार में मौजूद भीड़भाड़ के बीच, पुलिस टीम ने ग्रामीणों को साइबर ठगी से बचाव के तरीके, महिला-बाल संरक्षण कानून, पॉक्सो एक्ट के प्रावधानों और यातायात नियमों के बारे में विस्तार से अवगत कराया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि साइबर ठगी के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। जहां ठग नए-नए तरीकों से लोगों की मेहनत की कमाई को निशाना बना रहे हैं। उन्होंने ग्रामीणों से अज्ञात कॉल, संदिग्ध लिंक या आकर्षक ऑफर्स पर भरोसा न करने और किसी भी संदेहास्पद गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की।

पुलिस ने ग्रामीणों को बताए महत्वपूर्ण यातायात नियम
यातायात नियमों के संबंध में, पुलिस ने ग्रामीणों को कई महत्वपूर्ण बातें समझाईं। इनमें नाबालिगों को वाहन न चलाने देना, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनना अनिवार्य करना, शराब पीकर गाड़ी न चलाना, वाहन में क्षमता से अधिक सवारी न बैठाना, मालवाहक वाहनों में लोगों को यात्रा न कराना, गति नियंत्रण में रखना और वाहन के सभी दस्तावेज साथ रखना शामिल था।
पुलिस ने ग्रामीणों को बताए महत्वपूर्ण यातायात नियम
इसके अलावा ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ के तहत पुलिस टीम ने शराब, तंबाकू, गुटखा, बीड़ी-सिगरेट जैसे नशीले पदार्थों से दूर रहने का आग्रह किया। उन्होंने नशे के सेवन से होने वाले गंभीर दुष्परिणामों के बारे में भी जानकारी दी।
सुरक्षा और जागरूकता बढ़ाने की पहल को ग्रामीणों की सराहना
पुलिस ने बताया कि ग्रामीणों में सुरक्षा, कानून और जागरूकता की भावना को मजबूत करने के लिए इस तरह के अभियान भविष्य में भी लगातार जारी रहेंगे। अनंतपुर थाना पुलिस की इस पहल को ग्रामीणों ने खूब सराहा और बड़ी संख्या में लोगों ने इस कार्यक्रम में सक्रिय रूप से भाग लिया।
<
