स्मृति ईरानी बनीं छत्तीसगढ़ भाजपा की नई प्रदेश प्रभारी, सिद्धार्थ शंभू को सह प्रभारी की जिम्मेदारी


स्मृति ईरानी को छत्तीसगढ़ भाजपा की नई प्रदेश प्रभारी बनाया गया है। उन्हें हरियाणा का भी प्रभार दिया गया है, जबकि सिद्धार्थ शंभू को सह प्रभारी की जिम्मेदारी मिली है। इससे पहले भाजपा की नई टीम में स्मृति ईरानी को राष्ट्रीय महासचिव बनाया गया था। संगठनात्मक राजनीति में उनकी सक्रिय भूमिका और राष्ट्रीय स्तर पर पहचान को देखते हुए उन्हें महत्वपूर्ण राज्यों की जिम्मेदारी दिए जाने की चर्चा थी।
दैनिक भास्कर डिजिटल ने एक महीने पहले ही बता दिया था कि प्रदेश प्रभारी की रेस में स्मृति ईरानी सबसे आगे हैं। इसके अलावा राष्ट्रीय महासचिव सुनील बंसल, गजेंद्र पटेल और हरीश द्विवेदी के नाम भी संभावितों में शामिल थे। सुनील बंसल को तेलंगाना और पश्चिम बंगाल, गजेंद्र पटेल को झारखंड और हरीश द्विवेदी को बिहार और कर्नाटक की जिम्मेदारी दी गई है।
डी. पुरंदेश्वरी के बाद स्मृति ईरानी छत्तीसगढ़ बीजेपी की दूसरी महिला प्रदेश प्रभारी हैं। इसके अलावा भाजपा ने छत्तीसगढ़ के 2 नेताओं को दूसरे राज्यों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी हैं। पार्टी ने छत्तीसगढ़ के पत्थलगांव विधानसभा क्षेत्र से विधायक गोमती साय को गुजरात का सह-प्रभारी बनाया है। वहीं, अकलतरा के पूर्व विधायक सौरभ सिंह को झारखंड का सह-प्रभारी बनाया गया है।
छत्तीसगढ़ में भाजपा की सरकार है और संगठन के लिहाज से प्रदेश प्रभारी की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण मानी जाती है। नए प्रभारी को सरकार और संगठन के बीच बेहतर समन्वय, कार्यकर्ताओं से संवाद और आगामी राजनीतिक रणनीति तैयार करने की जिम्मेदारी संभालनी होगी।
इससे पहले नितिन नवीन छत्तीसगढ़ के प्रदेश प्रभारी थे। छत्तीसगढ़ गठन के बाद भाजपा के प्रदेश प्रभारियों में माया सिंह और शुरुआती दौर में नरेंद्र मोदी का नाम रहा। इसके बाद धर्मेंद्र प्रधान (2007-2010), जे.पी. नड्डा (2010-2014), रामशंकर कठेरिया (2014-2015) और अनिल जैन (2015-2020) ने संगठन की जिम्मेदारी संभाली।
2020 से 2022 तक डी. पुरंदेश्वरी, 2022 से ओम प्रकाश माथुर और जुलाई 2024 से सितंबर 2026 तक नितिन नवीन प्रदेश प्रभारी रहे। नितिन नवीन को भाजपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया गया। अब सितंबर 2026 से स्मृति ईरानी को प्रदेश प्रभारी और सिद्धार्थ शंभू को सह प्रभारी बनाया गया है।
इससे जुड़ी एक अन्य खबर के अनुसार, भारतीय जनता पार्टी की नई राष्ट्रीय टीम के ऐलान के बाद छत्तीसगढ़ संगठन में भी बदलाव की अटकलें तेज हो गई थीं। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने 17 अगस्त को अपनी नई टीम घोषित की है। इसके बाद राज्यों के प्रभारियों में भी फेरबदल की संभावना जताई जा रही है।




