![]()
कलेक्ट्रेट सभा कक्ष में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल
खैरागढ़ कलेक्ट्रेट सभा कक्ष में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने जिले के प्रशासनिक एजेंडे को स्पष्ट किया। उन्होंने सुशासन तिहार और जनगणना 2027 को लेकर विस्तृत जानकारी दी, साथ ही जनता से सहयोग की अपील की।
.
कलेक्टर ने बताया कि प्रशासन का मुख्य ध्यान अब सीधे जनता तक पहुंचकर समस्याओं के त्वरित समाधान और सटीक आंकड़ों के संग्रह पर है। सुशासन तिहार 1 मई से 10 जून तक मनाया जाएगा। इसकी शुरुआत 30 अप्रैल को ही जिले के सभी 221 गांवों और तीनों नगरीय निकायों में शिविरों के साथ हो चुकी है।
ग्रामीण क्षेत्र के 13 शहरी के 6 कैंपों के माध्यम से निराकरण
इन शिविरों में सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक ग्रामीण क्षेत्र के 13 और शहरी क्षेत्र के 6 कैंपों के माध्यम से लोगों की शिकायतों और आवेदनों का मौके पर निराकरण किया जा रहा है। बीते वर्ष 96,582 आवेदन प्राप्त हुए थे, जिनका पूरी तरह निपटारा किया गया था। इस बार प्रशासन का लक्ष्य और अधिक तेज़ व प्रभावी समाधान प्रदान करना है।
प्रशिक्षण के बाद फील्ड में तैनात होंगे कर्मचारी
जनगणना को लेकर कलेक्टर ने बताया कि प्रशासन पूरी तरह तैयार है। 1 मई से 30 मई तक मकान सूचीकरण का पहला चरण चलेगा, जिसके लिए 768 प्रगणक और 131 सुपरवाइजर नियुक्त किए गए हैं।
इन कर्मचारियों को तीन दिवसीय प्रशिक्षण के बाद फील्ड में तैनात किया गया है, ताकि हर घर तक पहुंचकर व्यवस्थित तरीके से आंकड़े जुटाए जा सकें।
जनगणना के नाम पर संवेदनशील जानकारी देने से बचें
कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने जनता को सचेत करते हुए कहा कि जनगणना के नाम पर किसी भी तरह की निजी या संवेदनशील जानकारी—जैसे ओटीपी, बैंक खाता, पैन या आधार—नहीं मांगी जाएगी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि कोई इस तरह की जानकारी मांगता है, तो वह धोखाधड़ी का मामला हो सकता है, जिसकी तत्काल सूचना प्रशासन को दी जानी चाहिए।
उन्होंने जोर देते हुए कहा कि “जनगणना सिर्फ आंकड़े नहीं, बल्कि भविष्य की योजनाओं की नींव है।” इसलिए हर नागरिक की जिम्मेदारी है कि सही और सटीक जानकारी देकर इस प्रक्रिया को सफल बनाए।
<
